Uttar Pradesh

विनोद साहनी के बेटे ने अखिलेश यादव को लिखी चिट्ठी, न्याय की लगाई गुहार

Gonda Murder Case : गोंडा में निषाद पार्टी के नेता और व्यापारी विनोद साहनी की हत्या का मामला अब सियासी रंग भी पकड़ता जा रहा है. मृतक के बेटे राजा साहनी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है. अखिलेश यादव ने राजा की चिट्ठी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा करते हुए प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है.

राजा साहनी ने अपने पत्र में लिखा कि उनके पिता विनोद साहनी की हत्या कर दी गई, उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी परसपुर थाना प्रभारी कमल शंकर चतुर्वेदी और चौकी प्रभारी अंकित सिंह को भी थी. राजा ने सपा अध्यक्ष से मामले में उचित न्याय दिलाने का अनुरोध किया है.

भाजपा सरकार पर तीखा हमला

अखिलेश यादव ने चिट्ठी साझा करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला, उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अत्याचार, अन्याय और अहंकार बढ़ा है और इसका निशाना PDA समाज है. सपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर न्याय में विश्वास रखने वाले लोग इस घटना का संज्ञान नहीं लेते तो PDA समाज अपनी लड़ाई खुद लड़ने के लिए मजबूर होगा, उन्होंने निषाद समाज को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए.

संजय निषाद ने पुलिस पर उठाए सवाल

मामले को लेकर योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराज नजर आए. पैदल मार्च से पहले उन्होंने गोंडा के एसपी अभिषेक से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल किया. संजय निषाद ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहेंगे, ऐसे में वहां जरूरत से ज्यादा फोर्स लगाने के बजाय सुरक्षा बलों को दूसरी जगह तैनात किया जाना चाहिए. उन्होंने पुलिस की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे सरकार की छवि खराब हो रही है.

तीन संदिग्ध गिरफ्तार

विनोद साहनी हत्याकांड में पुलिस ने तीन संदिग्धों शुभम सिंह, आकाश सिंह और सुभाष सिंह को गिरफ्तार किया है. वहीं, मृतक का परिवार आरोपियों के एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग कर रहा है. मामले को लेकर गोंडा में राजनीतिक बयानबाजी के साथ-साथ पुलिस कार्रवाई पर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं.

ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button