UP Politics : बहुजन समाज पार्टी में आकाश आनंद को बाहर किए जाने के बाद मऊ की सियासत में भी हलचल बढ़ गई है. इस फैसले से नाराज मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र (सुरक्षित) से वर्ष 2022 में बसपा के प्रत्याशी रहे धर्म सिंह गौतम ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, उन्होंने अपने फैसले के पीछे आकाश आनंद के साथ पार्टी नेतृत्व के बार-बार बदलते रुख को वजह बताया है.
धर्म सिंह गौतम का कहना है कि आकाश आनंद युवा नेता हैं और उन्होंने बसपा की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम किया. इसके बावजूद उन्हें पहले पार्टी से बाहर करना और फिर वापस शामिल करना तथा अब दोबारा निष्कासन जैसे घटनाक्रम कार्यकर्ताओं के बीच सवाल खड़े कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि खास तौर पर युवा वर्ग आकाश आनंद को एक युवा चेहरे और आदर्श के तौर पर देख रहा था. ऐसे में उनके साथ बार-बार होने वाले घटनाक्रम से युवाओं में निराशा के साथ भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है.
ससुर के इस्तीफे के बाद बढ़ा विवाद
धर्म सिंह गौतम ने हालिया घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि आकाश आनंद ने सोशल मीडिया पर संकेत दिया था कि यदि उनके ससुर राजनीति और पार्टी से इस्तीफा देते हैं, तो उन्हें स्वतंत्र रूप से अपना रास्ता चुनने की छूट दी जाएगी. इसके बाद उनके ससुर ने इस्तीफा देकर सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की. इसके अगले ही दिन आकाश आनंद को बसपा से बाहर किए जाने की जानकारी सामने आई.
धर्म सिंह गौतम ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें गहराई से आहत किया है, उनके मुताबिक, पार्टी नेतृत्व के इस फैसले से युवा कार्यकर्ताओं में गलत संदेश जा रहा है. इसी वजह से उन्होंने बसपा से अलग होने का निर्णय लिया. धर्म सिंह गौतम के इस्तीफे के बाद मऊ में बसपा की स्थानीय राजनीति और पार्टी के भीतर इसके संभावित असर को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
ये भी पढ़ें- भारत के पास 190 परमाणु बम, 35 और बनाने की तैयारी, कुल संख्या 225 तक पहुंचेगी, FAS की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









