Punjabराज्य

फाजिल्का में 30.200 किलो हेरोइन के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, BSF के साथ ऑपरेशन में नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश

Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए जारी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सी.आई.) फिरोजपुर ने बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बी.एस.एफ.) के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान दो व्यक्तियों को 30.200 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर सरहद पार के एक बड़े नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है. यह जानकारी डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डी.जी.पी.) पंजाब गौरव यादव ने दी.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंदर सिंह निवासी गांव वल्ले शाह उताड़, फाजिल्का और मनप्रीत सिंह निवासी गांव नवां हस्ता, फाजिल्का के रूप में हुई है. हेरोइन की यह बड़ी खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने आरोपियों द्वारा तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (पीबी-05-एएस-9856) भी जब्त कर लिया है.

अन्य सहयोगियों की पहचान के लिए जांच जारी

डी.जी.पी. ने बताया कि सरहद पार के तस्करी नेटवर्क के साथ इस मॉड्यूल के संबंधों का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है.

ऑपरेशन के संबंध में जानकारी साझा करते हुए ए.आई.जी. सी.आई. फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने फाजिल्का के हिंदूमलकोट रोड पर स्थित गांव सतीरवाला के नजदीक बी.एस.एफ. फाजिल्का के साथ मिलकर विशेष ऑपरेशन चलाया. इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस पार्टी ने मोटरसाइकिल पर जा रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को काबू कर लिया, जिनके कब्जे से 30.200 किलो हेरोइन बरामद हुई.

एस.एस.ओ.सी. फाजिल्का में मामला दर्ज

ए.आई.जी. ने बताया कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां होने की संभावना है.

इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एस.एस.ओ.सी.) फाजिल्का में एन.डी.पी.एस. एक्ट की धाराओं 21-सी, 25 और 29 के तहत एफ.आई.आर. नंबर 14 दिनांक 07-08-2026 दर्ज की गई है.

ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button