Donald Trump : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है. व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि मौजूदा संघर्ष ज्यादा लंबा नहीं चलेगा और उन्हें उम्मीद है कि यह जल्द खत्म हो जाएगा, उन्होंने यह भी दोहराया कि अमेरिका किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए उन्हें नहीं लगता कि ईरान लंबे समय तक इस संघर्ष को जारी रख पाएगा, उन्होंने कहा कि युद्ध जल्द समाप्त होना चाहिए और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में ऐसा देखने को मिलेगा. ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब क्षेत्र में तनाव बना हुआ है.
परमाणु हथियारों पर अमेरिका का रुख
ट्रंप ने स्पष्ट कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दी जा सकती. उनके मुताबिक, यदि ऐसा होता है तो इसके गंभीर परिणाम पूरी दुनिया पर पड़ सकते हैं, उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर अमेरिका का रुख पहले की तरह स्पष्ट और सख्त है.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति पर भी टिप्पणी की, उन्होंने कहा कि फिलहाल वहां हालात नियंत्रण में हैं. ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना की नाकाबंदी की सराहना करते हुए कहा कि इससे इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर निगरानी बनाए रखने में मदद मिली है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि समुद्र में एक बारूदी सुरंग भी बड़े जहाजों के लिए खतरा बन सकती है.
हथियारों की कमी की रिपोर्ट को बताया गलत
हाल ही में आई उस मीडिया रिपोर्ट पर भी ट्रंप ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें अमेरिकी सेना में हथियारों की कमी का दावा किया गया था, उन्होंने इस रिपोर्ट को पूरी तरह गलत और अफवाह बताया. ट्रंप ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का समर्थन करते हुए कहा कि वह अपना काम अच्छी तरह कर रहे हैं और उन्हें सेना का सम्मान हासिल है. इसके अलावा ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट की भी आलोचना की और उसे पूरी तरह झूठा करार दिया.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









