विदेश

ईरान के साथ बातचीत के लिए तैयार ट्रंप, बोले- हमला रोकने से बचेंगी कई जानें, न्यूक्लियर डील के भी संकेत

Iran US Conflict : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दोबारा बातचीत शुरू करने के संकेत दिए हैं। ट्रंप ने कहा कि वह लोगों की जान नहीं लेना चाहते, इसलिए सहयोगी देशों की अपील के बाद उन्होंने ईरान के साथ वार्ता का रास्ता चुना है। उन्होंने बताया कि बातचीत सोमवार दोपहर से शुरू हो सकती है।

क्षेत्रीय सहयोगी देशों की अपील

ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ईरान पर एक बड़े सैन्य हमले के लिए पूरी तरह तैयार था। उनके मुताबिक, यह हमला द्वितीय विश्व युद्ध के बाद का सबसे बड़ा हमला हो सकता था, लेकिन ईरान और क्षेत्रीय सहयोगी देशों की अपील के बाद इसे रोकने का फैसला लिया गया।

समझौते की दिशा में बढ़ने की अपील

उन्होंने कहा कि सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), कतर और ईरान की ओर से भी तनाव कम करने और समझौते की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की गई। ट्रंप के अनुसार, सहयोगी देशों का मानना है कि बातचीत के जरिए समाधान निकाला जा सकता है।

हथियारों को खत्म करने की दिशा

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अगर कोई समझौता होता है तो इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी बातचीत संभव है। उन्होंने इसे ईरान के परमाणु हथियारों को खत्म करने की दिशा में कदम बताया।

हमले की गंभीरता का अंदाजा

ट्रंप ने कहा कि ईरान ने भी बातचीत की इच्छा जताई है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कई बार ईरान के बयान अलग-अलग होते हैं। उनके मुताबिक, ईरान को संभावित हमले की गंभीरता का अंदाजा था, क्योंकि वह अमेरिकी तैयारियों पर नजर रख रहा था।

सैन्य कार्रवाई के पक्ष में नहीं

ट्रंप ने बातचीत को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इससे कई लोगों की जान बच सकती है और अनावश्यक सैन्य कार्रवाई से बचा जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि युद्ध के बाद किसी देश को दोबारा खड़ा करने में कई साल लग जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि सऊदी अरब समेत क्षेत्र के कई देश भी सैन्य कार्रवाई के पक्ष में नहीं थे और वे किसी समझौते के जरिए समाधान चाहते हैं।

ये भी पढ़ें- बृजभूषण शरण सिंह यौन शोषण मामले में बरी, कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देंगे पहलवान

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button