बिज़नेस

आज से बदल गया शेयर बाजार का ट्रेडिंग टाइम, जानें अब कितने बजे तक खुला रहेगा बाजार

SEBI New Rules : अगर आप शेयर बाजार में निवेश या ट्रेडिंग करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. आज यानी 3 अगस्त 2026 से भारतीय शेयर बाजार में ट्रेडिंग के समय और क्लोजिंग प्रक्रिया में बड़ा बदलाव लागू हो गया है. बाजार नियामक SEBI ने F&O सेगमेंट में क्लोजिंग ऑक्शन सेशन की शुरुआत कर दी है. इसके साथ ही फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) में ट्रेडिंग का समय भी बढ़ा दिया गया है. इन बदलावों का उद्देश्य शेयरों के क्लोजिंग प्राइस को अधिक पारदर्शी बनाना और आखिरी मिनट में होने वाले उतार-चढ़ाव को कम करना है.

नए नियमों के अनुसार, इक्विटी डेरिवेटिव्स यानी F&O सेगमेंट में अब ट्रेडिंग दोपहर 3:40 बजे तक होगी. पहले यह समय 3:30 बजे तक था. यानी अब F&O ट्रेडर्स को 10 मिनट अतिरिक्त ट्रेडिंग का समय मिलेगा. हालांकि, कैश मार्केट के ट्रेडिंग समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है. कैश मार्केट पहले की तरह सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही खुला रहेगा.

क्या है क्लोजिंग ऑक्शन सेशन?

SEBI ने F&O में शामिल शेयरों के लिए क्लोजिंग ऑक्शन सेशन शुरू किया है. यह प्रक्रिया दोपहर 3:15 बजे से 3:35 बजे तक चलेगी. इस दौरान संबंधित शेयरों के ऑर्डर एकत्र किए जाएंगे और नीलामी के जरिए उनका आधिकारिक क्लोजिंग प्राइस तय किया जाएगा. इसका उद्देश्य क्लोजिंग प्राइस को अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है.

किन शेयरों पर लागू होंगे नए नियम?

फिलहाल यह नई व्यवस्था केवल F&O सेगमेंट में शामिल शेयरों पर लागू की गई है. जो शेयर F&O का हिस्सा नहीं हैं, उनके ट्रेडिंग समय और क्लोजिंग प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं किया गया है. ऐसे में F&O में ट्रेडिंग करने वाले निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए आज से लागू हुए इन नए नियमों की जानकारी रखना बेहद जरूरी है.

ये भी पढ़ें- मोरक्को से स्पेन में घुसने की कोशिश के दौरान भगदड़, 18 प्रवासियों की मौत, 100 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी घायल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button