बड़ी ख़बरविदेश

पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव : उत्तरी इराक में ड्रोन हमले, अमेरिकी विमानों की बढ़ी गतिविधि

Iraq Drone Attacks : पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच टकराव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। करीब पांच महीने से चल रहे क्षेत्रीय संघर्ष के बीच इराक और आसपास के इलाकों में हालिया घटनाओं ने सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है।

उत्तरी इराक में ड्रोन हमलों से मची हलचल

उत्तरी इराक के कई इलाकों में ड्रोन हमलों की खबर सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एरबिल के उत्तर-पूर्व में स्थित खलिफान और सोरान क्षेत्रों को कई ईरानी ड्रोनों ने निशाना बनाया। हमले के बाद कुछ जगहों पर आग लग गई, जबकि दो ड्रोन जमीन पर गिरकर नष्ट हो गए।

एरबिल के आसमान में दिखे अमेरिकी लड़ाकू विमान

ड्रोन हमलों के बाद इलाके में अमेरिकी सैन्य गतिविधियां भी तेज होती नजर आईं। रिपोर्ट्स के अनुसार, एरबिल के आसमान में 10 से अधिक अमेरिकी लड़ाकू विमान और ड्रोन उड़ान भरते देखे गए। इससे पहले सोमवार रात इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र की राजधानी एरबिल में कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। बताया गया कि कुछ धमाके अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के आसपास के इलाकों में भी हुए।

अमेरिकी ड्रोन गिराने का ईरान का दावा

इस घटनाक्रम के बीच ईरान के सरकारी मीडिया IRIB ने दावा किया कि इराक के अनबर प्रांत में एक अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया गया है। हालांकि, इस दावे की अभी तक अमेरिका या इराकी अधिकारियों की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

क्षेत्रीय शांति और वैश्विक व्यापार पर बढ़ा खतरा

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने खाड़ी क्षेत्र की चिंताओं को और गहरा कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों देशों के बीच बातचीत का रास्ता कमजोर होता है तो इसका असर क्षेत्रीय स्थिरता के साथ-साथ वैश्विक व्यापार मार्गों पर भी पड़ सकता है। ऐसे में पूरी दुनिया की नजर पश्चिम एशिया के घटनाक्रम पर टिकी हुई है।

ये भी पढ़ें – आज इन राशियों के लिए बनेंगे लाभ के योग, जानें मेष से कुंभ तक का दैनिक भविष्यफल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button