विदेश

ईरान पर बड़े हमले से पीछे हटा अमेरिका, ट्रम्प ने फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोकने का दिया आदेश, पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी

US Iran Conflict : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ प्रस्तावित बड़े सैन्य अभियान को फिलहाल रोक दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार को शीर्ष सलाहकारों और कैबिनेट सदस्यों के साथ हुई बैठक के बाद ट्रम्प ने सेना को नए बड़े हमले शुरू नहीं करने के निर्देश दिए।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सैन्य अधिकारियों ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान के खिलाफ अभियान को और आगे बढ़ाया गया तो मिडिल ईस्ट में तैनात अमेरिकी सेना के पास पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों और अन्य एयर डिफेंस सिस्टम का भंडार कम हो सकता है।

सहयोगी देशों की सुरक्षा पर असर

जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन ने भी सलाह दी कि बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई बढ़ाने से क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैनिकों और सहयोगी देशों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल के अंत तक अमेरिका 1200 से ज्यादा पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का इस्तेमाल कर चुका था।

हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि हमले रोकने का फैसला कुछ समय के लिए लिया गया है या लंबे समय तक लागू रहेगा। अमेरिकी सेना को जरूरत पड़ने पर बड़े सैन्य अभियान के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

हूती विद्रोहियों और ईरान के दावे

इस बीच हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने शनिवार को सऊदी अरब के जजान स्थित सऊदी अरामको रिफाइनरी पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। जजान रिफाइनरी को सऊदी अरब की प्रमुख तेल रिफाइनरियों में शामिल माना जाता है।

वहीं, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसकी नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे चार जहाजों पर चेतावनी के तौर पर फायरिंग की। इसके बाद सभी जहाजों ने अपना रास्ता बदल लिया।

ईरान में पेट्रोल महंगा करने पर विचार

ईरान सरकार देश में पेट्रोल की खपत को नियंत्रित करने के लिए ईंधन की कीमतों में बदलाव पर विचार कर रही है। सरकार का कहना है कि इस योजना को लागू करने के तरीके पर अभी चर्चा चल रही है।

अमेरिका ने शुक्रवार रात ईरान पर कोई नया हमला नहीं किया। इससे पहले अमेरिका लगातार 13 दिनों तक ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा था। इससे पहले ईरान ने बहरीन में मौजूद अमेरिकी फिफ्थ फ्लीट के नौसैनिक ठिकाने पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने का दावा किया था। इस हमले के बाद कई बड़े विस्फोट होने की जानकारी सामने आई थी।

ये भी पढ़ें- E20 Fuel पर छिड़ा बवाल, बड़े आंदोलन की तैयारी में टैक्सी यूनियन, 4 अगस्त को संसद घेरने की तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button