India Black Sea Advisory : यूक्रेन-रूस युद्ध के बीच ब्लैक सी और उससे सटे समुद्री क्षेत्रों में सुरक्षा स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है. कमर्शियल जहाजों पर बढ़ते हमलों को देखते हुए भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. मंत्रालय ने कहा है कि इन क्षेत्रों में काम करने या यहां से गुजरने वाले जहाजों को मिसाइल और ड्रोन हमलों सहित गंभीर सुरक्षा खतरों का सामना करना पड़ रहा है.
विदेश मंत्रालय के अनुसार, अप्रैल 2026 से कमर्शियल जहाजों से जुड़ी ऐसी घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिनमें पांच भारतीय नागरिकों की मौत हो चुकी है.
नौकरी से पहले सुरक्षा जांचें
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि जो भारतीय नागरिक संघर्ष प्रभावित समुद्री क्षेत्रों में चलने वाले या वहां से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों पर नौकरी करना चाहते हैं, वे नौकरी स्वीकार करने से पहले सुरक्षा जोखिमों का पूरी तरह आकलन कर लें. यदि कोई व्यक्ति ऐसी नौकरी करने का फैसला करता है, तो उसे अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
इन बातों की जानकारी जरूर लें
एडवाइजरी में कहा गया है कि भारतीय नागरिक जहाज के तय रूट, जिन बंदरगाहों पर जहाज रुकेगा, सुरक्षा इंतजामों, इंश्योरेंस कवरेज और आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी अपने नियोक्ता, भर्ती एजेंसी और जहाज संचालक से अवश्य प्राप्त करें.
इसके अलावा यह भी सुनिश्चित करें कि नौकरी की शर्तें अंतरराष्ट्रीय समुद्री मानकों के अनुरूप हों और आपात स्थिति में चिकित्सा सुविधा, सुरक्षित निकासी (इवैक्यूएशन), स्वदेश वापसी और मुआवजे की उचित व्यवस्था उपलब्ध हो.
परिवार को देते रहें जानकारी
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को अपनी यात्रा की जानकारी परिवार के सदस्यों के साथ साझा करने और उनसे लगातार संपर्क में रहने की सलाह दी है.
साथ ही, डायरेक्टरेट जनरल ऑफ मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन और भारत सरकार के अन्य संबंधित विभागों द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का नियमित रूप से पालन करने को कहा गया है. विशेष रूप से 23 जुलाई 2026 को जारी सुरक्षा एडवाइजरी को देखने की सलाह दी गई है. विदेश मंत्रालय ने कहा है कि जिन भारतीय नागरिकों को कॉन्सुलर सहायता की आवश्यकता हो, वे संबंधित क्षेत्र में स्थित भारतीय दूतावास या कॉन्सुलेट से संपर्क कर सकते हैं. मंत्रालय ने रूस और यूक्रेन में भारतीय दूतावासों के हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए हैं.
ये भी पढ़ें- CJP ने खत्म किया आंदोलन, सरकार से बातचीत के बाद तीनों मांगें पूरी, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









