
Khargone Tanker Blast : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में रविवार को एक खाली टैंकर की वेल्डिंग के दौरान हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. यह हादसा मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मगरखेड़ी गांव में हुआ. धमाका इतना तेज था कि टैंकर के टुकड़े करीब 500 मीटर दूर तक जा गिरे.
इस हादसे में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डिंग का काम कर रहा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. विस्फोट की वजह से आसपास के कई मकानों के दरवाजे और खिड़कियों के शीशे टूट गए. पास में खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
वेल्डिंग के दौरान जोरदार विस्फोट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वेल्डिंग का काम चल रहा था, तभी टैंकर के अंदर बनी गैस के कारण अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी. हादसे में टैंकर चालक विनोद, जो उत्तर प्रदेश के बस्ती का रहने वाला है, और वेल्डर नितेश, जो बिहार का निवासी है, गंभीर रूप से घायल हो गए.
वहीं, पास में बकरियां चरा रहे भीम रोकड़े विस्फोट में उड़े लोहे के टुकड़ों की चपेट में आ गए. उन्हें तुरंत ठीकरी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने जांच शुरू की
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा. घायलों को अस्पताल भेजा गया और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टैंकर के भीतर ज्वलनशील गैस बनने के कारण वेल्डिंग के दौरान विस्फोट हुआ. बताया गया कि टैंकर आंध्र प्रदेश से क्रूड ऑयल लेकर झाबुआ जिले के मेघनगर गया था और तेल खाली करने के बाद वापस लौट रहा था.
वेल्डिंग दुकान पर हुआ हादसा
बालाक्वाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान ने बताया कि हादसा मगरखेड़ी सर्विस रोड स्थित एक वेल्डिंग दुकान पर हुआ. पुलिस विस्फोट के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है.
अधिकारियों का कहना है कि यदि यह विस्फोट पास में लगने वाले साप्ताहिक बाजार या किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में होता, तो नुकसान और जनहानि कहीं अधिक हो सकती थी. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. लोगों ने वेल्डिंग जैसे कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है. पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं.
ये भी पढ़ें – गौतमबुद्धनगर DM कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









