Crime News : राजस्थान के अलवर जिले में पेट्रोल पंप पर सेल्समैन को गोली मारने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग और फोन पर कथित तौर पर परेशान किए जाने का विवाद मुख्य कारण था.
अलवर के सदर थाना क्षेत्र में बुर्जा के पास स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई थी. मामले की जांच के बाद पुलिस ने कठूमर निवासी जगत गुर्जर को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूरी योजना के साथ इस घटना को अंजाम दिया था.
प्रेमिका की शिकायत के बाद बनाई हमला करने की योजना
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि घायल सेल्समैन सचिन एक युवती को लगातार फोन करता था. पुलिस के अनुसार, युवती आरोपी की प्रेमिका है. युवती ने इसकी जानकारी आरोपी को दी, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर सचिन पर हमला करने की योजना बनाई.
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए कठूमर इलाके से एक मोटरसाइकिल चोरी कर अलवर पहुंचा था. पुलिस को बाइक चोरी से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं. इस मामले में संबंधित थाने में अलग से केस दर्ज किया जाएगा.
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले पेट्रोल पंप पहुंचा और वहां मौजूद सेल्समैन की फोटो अपनी प्रेमिका को भेजकर उसकी पहचान की पुष्टि की. इसके बाद उसने सचिन को फोन किया और फिर उस पर गोली चला दी.
कंधे में लगी गोली, जयपुर रेफर किया गया
फायरिंग के दौरान गोली सचिन के कंधे में लगी. घायल होने के बाद उसे पहले अलवर के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल हथियार और कारतूस बरामद कर लिए हैं. पुलिस के मुताबिक, बरामद कारतूसों में से एक का इस्तेमाल फायरिंग के दौरान किया गया था. आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के दौरान पुलिस टीम के साथ हाथापाई भी हुई, जिसमें आरोपी को मामूली चोटें आईं. उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है. पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले किसी अन्य मामले में शामिल रहा है या नहीं.
दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई थी. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- राम मंदिर के डकैतों को सजा दिलाने के लिए रविवार को सुंदरकांड पाठ कर सिग्नेचर कैंपेन की शुरूआत करेगी ‘‘आप’’- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप







