Uttar Pradeshमौसम

UP में बारिश का कहर, 7 की मौत, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

UP Weather Alert : उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है. गुरुवार को बारिश, आकाशीय बिजली और बारिश से जुड़े हादसों में सात लोगों की मौत हो गई. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार के लिए कई जिलों में रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटों में अत्यधिक भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी है.

बारिश से जुड़े हादसों में संत कबीर नगर, कुशीनगर, बुलंदशहर, शामली और गाजियाबाद में सात लोगों की मौत हो गई. संत कबीर नगर में आकाशीय बिजली गिरने से दो और कुशीनगर में एक व्यक्ति की मौत हुई. बुलंदशहर के खुर्जा में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत और चार लोग घायल हुए. शामली में टिन शेड गिरने तथा गाजियाबाद में नाले में डूबने से भी मौतें हुईं.

लखनऊ समेत कई शहरों में जलभराव

लगातार हो रही बारिश के कारण नोएडा, गाजियाबाद और लखनऊ समेत कई शहरों में जलभराव हो गया. गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-13 में निर्माणाधीन बेसमेंट के पास सड़क धंस गई, जबकि नोएडा सेक्टर-33 स्थित परिवहन विभाग कार्यालय में भी पानी भर गया. कई मार्गों पर लंबा जाम लगा और कुछ क्षेत्रों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया.

लखनऊ में 27.2 मिमी बारिश दर्ज

मौसम विभाग ने मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और बदायूं में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार 11 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा. पिछले 24 घंटों में मेरठ में 94.9 मिमी, मुजफ्फरनगर में 68.2 मिमी, बरेली में 58.8 मिमी, मुरादाबाद में 22 मिमी और लखनऊ में 27.2 मिमी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और खराब मौसम में बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं से मिली गर्मी से राहत

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button