Haryana Congress : पंजाब के बाद अब हरियाणा कांग्रेस में भी आंतरिक गुटबाजी खुलकर सामने आती नजर आ रही है. चंडीगढ़ में कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी संजय दत्त की मौजूदगी में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला के बीच इशारों-इशारों में हुई बयानबाजी ने पार्टी के भीतर चल रहे मतभेदों की चर्चा तेज कर दी है.
बुधवार को कांग्रेस की हरियाणा इकाई के प्रभारी संजय दत्त ने चंडीगढ़ स्थित हरियाणा कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेशभर के नेताओं और पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं.
इसी दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “रणदीप सुरजेवाला मेरा साथ दे दें, फिर देखें धमाका.” इस पर जवाब देते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, “20 साल से मैं आपका साथ दे रहा हूं, अब आपकी बारी है मेरा साथ देने की.”
दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई यह बयानबाजी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के सामने हुई, जिसके बाद हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी की चर्चा और तेज हो गई.
पहले से विरोधी माने जाते हैं दोनों नेता
आपको बता दें कि हरियाणा कांग्रेस में भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सिंह सुरजेवाला को लंबे समय से अलग-अलग खेमों का नेता माना जाता है. बैठक के दौरान सुरजेवाला ने कहा कि 56 साल के हरियाणा में कांग्रेस सिर्फ तीन बार अपने दम पर बहुमत हासिल कर पाई है.
उन्होंने दीपेंद्र हुड्डा की ओर इशारा करते हुए कहा, “वोट प्रतिशत से फर्क नहीं पड़ता, 46 विधायक आए या नहीं, यह बताओ.”
बैठक में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, बीरेन्द्र सिंह, कुमारी सैलजा, राज्य के कांग्रेस विधायक, सांसद और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे.
हरियाणा कांग्रेस के अनुसार, बैठकों में संगठन को मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए रणनीति तैयार करने और जनहित के मुद्दों पर पार्टी की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई.
एकजुट रहने की अपील के बीच सामने आई तकरार
बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया गया. हालांकि, इसी बैठक के दौरान पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई बयानबाजी ने संगठन के भीतर चल रहे मतभेदों को भी उजागर कर दिया.
ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं से मिली गर्मी से राहत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









