Ayatollah Ali Khamenei : ईरान के अनुसार, 28 फरवरी 2025 को अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के दौरान अयातुल्ला अली खामेनेई जिस परिसर में मौजूद थे, उसे निशाना बनाया गया था. ईरानी पक्ष का दावा है कि इस हमले में 86 वर्षीय अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई. रिपोर्ट के मुताबिक, उनके परिवार के कई सदस्य भी हमले की चपेट में आए, जिनमें उनकी 14 महीने की पोती भी शामिल थी. वहीं, उनके बेटे और वर्तमान सर्वोच्च नेता मोजतबा अली खामेनेई के घायल होने की भी जानकारी दी गई थी.
अयातुल्ला अली खामेनेई का अंतिम संस्कार छह दिन तक चलने वाले राजकीय कार्यक्रम के तहत किया जा रहा है. अंतिम यात्रा 4 जुलाई को तेहरान से शुरू हुई, जिसके बाद यह कुम, इराक के नजफ और कर्बला जैसे प्रमुख धार्मिक शहरों से होकर आगे बढ़ी. अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जबकि विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.
मशहद में होगा सुपुर्द-ए-खाक
अंतिम यात्रा के बाद खामेनेई के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक शहर मशहद ले जाया जा रहा है. उन्हें इमाम रजा की दरगाह के पास सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. इससे पहले नजफ में इमाम अली की दरगाह पर भी उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी गई. ईरानी झंडे में लिपटे ताबूत को हजारों लोगों ने कंधा देकर अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया.
मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नहीं आए सामने
अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया के दौरान ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं. ईरानी मीडिया में दावा किया गया है कि फरवरी के हमले में घायल होने के बाद वह सुरक्षित स्थान पर हैं. हालांकि, उनके सार्वजनिक कार्यक्रमों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है.
ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं से मिली गर्मी से राहत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









