Punjab News : पंजाब के राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने नंबरदार यूनियन के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगें सुनीं और जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने का भरोसा दिया.
बैठक के दौरान नंबरदार यूनियन के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना के तहत बनाए जा रहे स्वास्थ्य कार्डों के लिए नंबरदारों हेतु एक दिन विशेष रूप से आरक्षित रखने की मांग की. इस पर कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि वे सभी उपायुक्तों को निर्देश देंगे कि नंबरदारों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य कार्ड बनाने हेतु एक दिन विशेष रूप से निर्धारित किया जाए, उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी उपायुक्तों को पत्र जारी कर नंबरदारों के लिए एक दिन आरक्षित रखने के निर्देश दिए जाएंगे.
नंबरदारों का मानदेय बढ़ाने का प्रयास
नंबरदारों द्वारा मानदेय बढ़ाने की मांग पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वे इस मामले को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ध्यान में लाएंगे और नंबरदारों का मानदेय बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे.
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नंबरदारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और गांवों के प्रशासनिक ढांचे में नंबरदारों द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका का पूरा सम्मान करती है, उन्होंने नंबरदारों की अन्य मांगों को भी गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि उनकी जायज मांगों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा.
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव-सह-वित्त आयुक्त (राजस्व) अनुराग वर्मा, विशेष सचिव-सह-निदेशक भूमि अभिलेख श्री परमवीर तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें – दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश और तेज हवाओं से मिली गर्मी से राहत
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









