Haryanaराज्य

बहादुरगढ़ में बड़ा एनकाउंटर: 1-1 लाख के दो इनामी बदमाश ढेर, पुलिसकर्मी भी घायल

Bahadurgarh Encounter : हरियाणा के बहादुरगढ़ में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो इनामी आरोपियों को मुठभेड़ में मार गिराया. दोनों की पहचान हिसार निवासी प्रवेश और हिमांशु के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे हांसी में जिम संचालक कपिल की दिनदहाड़े हत्या के मामले में वांछित चल रहे थे.

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई. इनपुट मिला था कि दोनों आरोपी हथियारों से लैस होकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बहादुरगढ़ क्षेत्र में मौजूद हैं. सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ की टीम ने संयुक्त अभियान शुरू किया.

जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों की मौत

ऑपरेशन के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच आमना-सामना हो गया. इसके बाद दोनों ओर से गोलियां चलीं. आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में प्रवेश और हिमांशु गोली लगने से घायल हो गए. वहीं मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में इलाज के दौरान दोनों आरोपियों की मौत हो गई, जबकि घायल पुलिसकर्मी का उपचार जारी है.

जिम संचालक हत्याकांड में थे वांछित

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए थे. इनके खिलाफ हांसी सिटी थाने में एफआईआर नंबर 379/2026 दर्ज है. मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था. यह केस हांसी में जिम संचालक कपिल की दिनदहाड़े हत्या से जुड़ा है, जिसके बाद से दोनों फरार चल रहे थे.

पुलिस का कहना है कि गुप्त सूचना के आधार पर समय रहते कार्रवाई की गई. संयुक्त ऑपरेशन के दौरान दोनों वांछित आरोपियों को ढेर कर दिया गया. फिलहाल पूरे मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.

ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button