Agra Murder : आगरा में सुरेंद्र कुमार शर्मा हत्याकांड ने हर किसी को चौंका दिया है. पुलिस जांच में सामने आई जानकारी के मुताबिक, आरोपी पत्नी रूबी पर आरोप है कि उसने पहले पति को नींद की गोलियां देकर हत्या की और फिर शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया. यह पूरा मामला करीब 46 दिनों तक दबा रहा, लेकिन पेंशन से जुड़ा एक विवाद इस हत्याकांड का खुलासा करने की वजह बन गया.
पुलिस के अनुसार, सुरेंद्र कुमार शर्मा की पेंशन का पैसा रूबी के पास आता था. इस बार जब मृतक के जेठ को पेंशन नहीं मिली तो उन्होंने बैंक जाकर जानकारी ली. बैंक से पता चला कि पेंशन पहले ही खाते में आ चुकी है और राशि भी पहले से अधिक थी. इसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान रूबी के मुंह से कथित तौर पर हत्या की बात निकल गई. इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और जांच ने नया मोड़ ले लिया.
पुलिस हर दावे की कर रही जांच
पूछताछ में रूबी ने दावा किया कि शव को छिपाने का तरीका उसे फिल्म ‘दृष्यम’ से सूझा था. हालांकि, पुलिस अभी उसके इस बयान की पुष्टि कर रही है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि वारदात में किसी और की भूमिका थी या नहीं.
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस घर में इस्तेमाल किए जाने वाले मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और गूगल सर्च हिस्ट्री की जांच कर रही है. साथ ही दोनों बेटियों से भी बातचीत की जा रही है, ताकि घटना से जुड़ी हर कड़ी को समझा जा सके. पुलिस का मानना है कि हत्या पहले से बनाई गई योजना के तहत की गई. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले बेटियों और सास को जेठ के घर भेज दिया गया था. फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है.
ये भी पढ़ें – दिल्ली में ISI के निर्देश पर काम करने वाले 4 आतंकी गिरफ्तार, बड़े हमले की थी तैयारी
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









