
Delhi-NCR Weather : गुरुवार सुबह दिल्ली और एनसीआर के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। राजधानी के जंतर-मंतर समेत कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि इससे पहले तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली। मौसम के इस बदलाव से लोगों को उमस और भीषण गर्मी से काफी राहत महसूस हुई।
बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार देर रात मंडी हाउस सहित राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। इसके चलते पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 5.7 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। बुधवार को दिनभर बादलों का डेरा रहा और बीच-बीच में धूप निकलती रही। सफदरजंग वेधशाला में 0.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, अधिकतम आर्द्रता 83 प्रतिशत और न्यूनतम 48 प्रतिशत दर्ज की गई।
अगले कुछ दिनों तक मौसम रहेगा सक्रिय
भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि 2 से 7 जुलाई के बीच दिल्ली के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। उत्तर-पश्चिम भारत की ओर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 2 जुलाई की देर रात या 3 जुलाई की सुबह से दिखाई देना शुरू हो सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने और मौसम के सुहावना बने रहने की संभावना है।
यलो अलर्ट जारी, गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
मौसम विभाग ने 2, 3 और 4 जुलाई के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के मुताबिक दोपहर या शाम के समय हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। इन दिनों अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।
जल्द दिल्ली पहुंचेगा मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में दस्तक दे सकता है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। हालांकि इस बार मानसून अपने सामान्य समय से कुछ देर से आगे बढ़ा है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों में इसकी भरपाई हो जाएगी।
ये भी पढ़ें – ओवैसी का बड़ा बयान: राम मंदिर ट्रस्ट में मुसलमान होता तो एनकाउंटर होता, वक्फ घोटालों पर उठाए सवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








