Ginni Weds Sunny 2 : अमेजन प्राइम वीडियो पर हर दिन नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती रहती हैं, जिनमें से कुछ ही कंटेंट दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बना पाती हैं। कई बार ऐसा भी देखने को मिलता है कि जो फिल्में थिएटर्स में असफल साबित होती हैं, वही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अच्छा प्रदर्शन कर लेती हैं। ऐसी ही एक फिल्म ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ इन दिनों चर्चा में बनी हुई है।
बॉक्स ऑफिस पर कमजोर रहा प्रदर्शन
अविनाश तिवारी और मेधा शंकर स्टारर यह रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 24 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म अपनी लागत तक वसूल नहीं कर पाई और थिएटर्स में बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई।
फिल्म ट्रेंडिंग लिस्ट टॉप 7 में बनाई जगह
अब यह फिल्म करीब दो महीने बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है, जहां इसे दर्शकों से बेहतर प्रतिक्रिया मिलती नजर आ रही है। रिलीज के बाद ही यह फिल्म ट्रेंडिंग लिस्ट में शामिल हो गई है और टॉप 7 में अपनी जगह बनाए हुए है। इससे पहले इसे जी5 पर भी स्ट्रीम किया जा चुका है।
दूसरी तरफ टूट जाती है गिन्नी की सगाई
फिल्म की कहानी ऋषिकेश के रहने वाले शिवांश चतुर्वेदी यानी सनी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कुश्ती का शौकीन और सीधा-साधा लड़का है। कहानी में मोड़ तब आता है जब उसे एक झूठे छेड़छाड़ के मामले में फंसा दिया जाता है, जिससे उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है। वहीं दूसरी तरफ गिन्नी की सगाई टूट जाती है। आगे कहानी में रिश्तों की उलझनें, गलतफहमियां और शादी के बाद बदलते हालातों को दिखाया गया है, जहां कपल अपने रिश्ते को बचाने की कोशिश करता है।
भारत में नेट कलेक्शन 1.58 करोड़ रुपये
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। लगभग 16 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड करीब 1.85 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन लगभग 1.58 करोड़ रुपये रहा। हालांकि थिएटर में असफल रहने के बाद अब ओटीटी पर यह फिल्म दर्शकों का ध्यान खींचने में सफल हो रही है।
ये भी पढ़ें- धर्मेंद्र प्रधान को इतना अहंकार, पेपर लीक का विरोध कर रहे बच्चों को बता रहे देश के टुकड़े करने वाले- केजरीवाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









