Kanpur Coaching Action : लखनऊ में कोचिंग संस्थान से जुड़े हादसे के बाद उत्तर प्रदेश में कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा और भवन संबंधी व्यवस्थाओं की जांच तेज कर दी गई है. इसी क्रम में कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने सोमवार को काकादेव क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर कई कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन मिलने पर फिजिक्स वाला समेत 22 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया.
केडीए अधिकारियों ने क्षेत्र के अलग- अलग कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया, जहां भवन निर्माण और सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई खामियां सामने आईं. अधिकारियों के मुताबिक जिन संस्थानों में आवश्यक नियमों का पालन नहीं पाया गया, वहां पहले छात्रों और स्टाफ को बाहर निकाला गया, इसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई.
कानपुर में अभियान तेज
प्राधिकरण ने बताया कि यह अभियान छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए चलाया जा रहा है. हाल में लखनऊ में हुए हादसे के बाद प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और भवन संबंधी नियमों की समीक्षा की जा रही है. इसी कड़ी में कानपुर के कोचिंग हब काकादेव में भी व्यापक जांच शुरू की गई.
अन्य संस्थानों की जांच भी जारी रहेगी
कार्रवाई की जद में आए संस्थानों में फिजिक्स वाला, वर्कस्पेस, महेंद्राज और केमिस्ट्री वाले संजीव राठौर सहित कई प्रमुख कोचिंग सेंटर शामिल हैं. इस दौरान केडीए के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे. वहीं, अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अन्य संस्थानों की जांच की जा रही है.
छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भवन स्वीकृति, अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास और अन्य जरूरी मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे. प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
वहीं, इस कार्रवाई के बाद कुछ स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल भी उठाए हैं, उनका कहना है कि शहर में कई कोचिंग संस्थान लंबे समय से संचालित हो रहे हैं और उनकी नियमित जांच पहले से होनी चाहिए थी. लोगों का आरोप है कि अक्सर किसी बड़े हादसे के बाद ही प्रशासन सक्रिय होता है और फिर कुछ समय तक अभियान चलाकर कार्रवाई करता है.
ये भी पढ़ें – बुजुर्गों के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की बड़ी पहल, 1.11 लाख से ज्यादा लोगों को मिला लाभ
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









