Uttar Pradeshराज्य

लखनऊ अग्निकांड में 15 की मौत, 4 अधिकारी निलंबित, इमारत मालिक समेत 4 गिरफ्तार

Lucknow Fire Tragedy : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए. यह हादसा एक तीन मंजिला इमारत में आग लगने के कारण हुआ. घटना के बाद पुलिस ने इमारत के मालिकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर लापरवाही के आरोप में चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है.

घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है. मुख्यमंत्री ने एसआईटी को सात दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं. हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. इसके अलावा उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ घटनास्थल का भी दौरा किया.

हादसे पर पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी थी, उसके खिलाफ वर्ष 2016 में अवैध निर्माण को लेकर ध्वस्तीकरण का आदेश जारी किया गया था. हालांकि, दो महीने से भी कम समय में यह आदेश निरस्त कर दिया गया. अब इमारत से संबंधित पुराने रिकॉर्ड और लखनऊ विकास प्राधिकरण की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं.

हादसे के बाद 4 अधिकारी निलंबित

प्रशासन ने हादसे के बाद जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जानकीपुरम में बिजली विभाग के अधिकारी गौरव कुमार, अग्निशमन विभाग की इंदिरा नगर शाखा के अधिकारी कमलेन्द्र कुमार सिंह, लखनऊ विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता अनिल कुमार और कनिष्ठ अभियंता प्रमोद पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

आग प्रभावित इमारत के मालिक गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में राम कृष्ण उपाध्याय, वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला. तुषार कृष्ण जायसवाल और सुरेश कुमार साहू को गिरफ्तार किया है. इनमें उपाध्याय, शुक्ला और जायसवाल आग प्रभावित इमारत के संयुक्त मालिक बताए गए हैं.

प्रशासन के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी उसका मानचित्र स्वीकृत था, लेकिन निर्माण स्वीकृत नक्शे के अनुरूप नहीं किया गया था. हादसे में घायल 11 लोगों में से 9 को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है.

ये भी पढ़ें – बुजुर्गों के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की बड़ी पहल, 1.11 लाख से ज्यादा लोगों को मिला लाभ

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button