Delhi Weather Today : दिल्ली-NCR में सोमवार को हुई बारिश ने गर्मी और उमस से राहत दी है. सोमवार दोपहर दिल्ली-NCR के कुछ इलाको में भारी बारिश हुई, जिससे मौसम अचानक बदल गया. शहर के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद भारतीय मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया था. मौसम विशेषज्ञों ने दिल्ली के मौसम में आए इस बदलाव का कारण हिमालयी क्षेत्र पर असर डाल रहे ‘वेस्टर्न डिस्टर्बेंस’ (पश्चिमी विक्षोभ) को बताया है.
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर मंगलवार से कम होने की संभावना है, जिसके बाद तापमान दोबारा बढ़ सकता है. IMD के अनुसार, सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पिछले 24 घंटों के दौरान तापमान में बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान में काफी बढ़ोतरी देखी गई. बता दें कि पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25-28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. इस दौरान दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किमी/घंटा की गति से हवाएं चलीं, जिनकी गति कभी-कभी 93 किमी/घंटा तक पहुंच गई.
आज मौसम का अनुमान
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, आज मंगलवार (16 जून) को शहर का अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज आसमान में बादल छाये रहेंगे. विभाग ने सुबह और दोपहर के समय हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने और आंधी-तूफान अनुमान लगाया है. इस दौरान 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी.
तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना
वहीं, आज अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. IMD के अनुसार, अगले सात दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है.
ये भी पढ़ें – जयपुर में CJP प्रदर्शन के दौरान हंगामा, संस्थापक अभिजीत दीपके को युवक ने मारा थप्पड़
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









