
Mount McKinley Accident : उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट मैकिनले (डेनाली) पर लातविया के पर्वतारोहियों की टीम के साथ बड़ा हादसा हो गया। पर्वत की खतरनाक ढलानों पर पैर फिसलने से तीन पर्वतारोहियों की खाई में गिरकर मौत हो गई, जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल अवस्था में बचा लिया गया है। बता दें कि सात सदस्यों की यह टीम बड़े हौसले के साथ इस दुर्गम शिखर को फतह करने निकली थी, लेकिन बुधवार को डेनाली पास के करीब यह हादसा हो गया।
डेनाली पास के पास हुआ हादसा
नेशनल पार्क सर्विस के अनुसार यह दुर्घटना 20,310 फीट ऊंचे शिखर से लगभग 2,100 फीट नीचे डेनाली पास के पास हुई, जब चार पर्वतारोहियों का संतुलन बिगड़ गया और वे फिसलकर नीचे गिर गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन में एक पर्वतारोही बचा
गुरुवार को बचाव दल ने 17,200 फीट की ऊंचाई पर एक घायल पर्वतारोही को सुरक्षित निकाला और एयर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
तीन पर्वतारोहियों की मौत की पुष्टि
लातवियाई पर्वतारोहण संघ ने मृतकों की पहचान इनेसे पुसेका, विजा ओल्ते और रेनार्स कुनिग्स-सालाक्स के रूप में की है। संगठन ने इस हादसे को समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
रेस्क्यू से रिकवरी ऑपरेशन में बदला मिशन
अधिकारियों ने बताया कि अब अभियान को खोज और बचाव से बदलकर शव बरामदगी ऑपरेशन में तब्दील कर दिया गया है। बाकी तीन सुरक्षित सदस्य भी बेस कैंप तक लौटने की तैयारी कर रहे हैं।
डेनाली का ऐतिहासिक नाम विवाद
स्थानीय लोग इस पर्वत को डेनाली के नाम से जानते हैं, जिसका अर्थ “सबसे ऊंचा” होता है। इसे 1917 में माउंट मैकिनले नाम दिया गया था, जिसे 2015 में बदलकर फिर डेनाली किया गया, लेकिन बाद में इसे दोबारा माउंट मैकिनले नाम घोषित कर दिया गया।
ये भी पढ़ें – मुंबई में सीएनजी फिर महंगी, 17 दिनों में दूसरी बार लगा CNG वाहन चालकों को झटका
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









