Uttar Pradeshराज्य

UP में बिजली कटौती से हाहाकार, लोग सड़क पर उतरे, विपक्ष ने सरकार को घेरा

UP Power Crisis : उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति को लेकर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. राजधानी लखनऊ में बिजली कटौती से परेशान लोगों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला, जहां उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया. इस पूरे मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है और विपक्षी दलों ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है.

वहीं, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए राज्य सरकार को घेरा और कहा कि मौजूदा शासन में लोगों को बढ़ती कीमतों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि बिजली आपूर्ति की स्थिति में कोई सुधार नहीं दिख रहा.

बिजली व्यवस्था पर अखिलेश यादव का तंज

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में बिजली व्यवस्था को लेकर तंज कसते हुए लिखा कि नए पावर प्लांट लगाने जैसी योजनाओं पर अपेक्षित काम नहीं हुआ है, उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में बिजली को लेकर स्थिति ऐसी बन गई है कि मांग और दाम तो बढ़ रहे हैं, लेकिन सप्लाई में कोई खास सुधार नहीं दिखता. उन्होंने लखनऊ में हुए प्रदर्शन का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें लोग सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए.

मायावती ने बिजली कटौती पर जताई चिंता

इसी बीच बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भी प्रदेश में बिजली कटौती और आपूर्ति की स्थिति को लेकर चिंता जताई है, उन्होंने कहा कि इस भीषण गर्मी के मौसम में बिजली की कमी और बार-बार होने वाली कटौती से आम जनता, खासकर गरीब, मध्यम वर्ग, किसान और छोटे व्यापारी गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं.

जनहित में कदम की अपील

मायावती ने सरकार से अपील की कि वह बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर तुरंत ध्यान दे और जनहित में आवश्यक कदम उठाए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में बेहतर बिजली व्यवस्था के लिए नए पावर प्लांट जैसी योजनाओं पर भी गंभीरता से काम किया जाना चाहिए, ताकि राज्य में आपूर्ति की स्थिति में सुधार हो सके.

ये भी पढ़ें – भारत-इटली संबंधों में बड़ा कदम, रणनीतिक साझेदारी और सहयोग पर बनी सहमति

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button