UP News : उत्तर प्रदेश के शामली जिले के जसाला गांव में कश्यप समाज के युवक मोनू की मौत से जुड़ा मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप लेता जा रहा है. इस घटना को लेकर कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है. आरोप है कि उन्होंने अपने समर्थकों के साथ डीआईजी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई.
इस मामले में इकरा हसन समेत 7 लोगों के खिलाफ BNS की धारा 191 (2), 221, 132 और 126 (2) के तहत केस दर्ज किया गया है. FIR के मुताबिक, 19 मई को दोपहर करीब सवा 2 बजे चौकी प्रभारी सिविल लाइन को सूचना मिली कि डीआईजी कार्यालय के बाहर कुछ लोग सड़क जाम कर रहे हैं.
सांसद इकरा हसन समेत कई पर मामला दर्ज
पुलिस द्वारा दर्ज रिपोर्ट में कुल 7 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि करीब 20 से 25 अज्ञात लोगों को भी इस मामले में शामिल किया गया है. जिन नामजद लोगों में सांसद इकरा हसन के साथ पूर्व राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप, तेजपाल सिंह, अजय, अनुज, शीशपाल और सत्यपाल के नाम शामिल बताए गए हैं. यह मामला सब-इंस्पेक्टर संजय कुमार शर्मा की शिकायत पर दर्ज हुआ है.
समझाने के बावजूद जारी रहा प्रदर्शन
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां सांसद इकरा हसन अपने समर्थकों के साथ मौजूद थीं और सड़क पर प्रदर्शन कर रहे थे. पुलिस ने स्थिति को शांत करने और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने. ट्रैफिक पुलिस ने भी जाम हटवाने का प्रयास किया, हालांकि प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित रहा और सरकारी कामकाज में रुकावट आने की बात FIR में दर्ज की गई है.
ये भी पढ़ें – भारत-इटली संबंधों में बड़ा कदम, रणनीतिक साझेदारी और सहयोग पर बनी सहमति
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








