Uttar Pradeshराज्य

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा: टैंकर से टकराई बस, चालक-कंडक्टर की मौत, कई घायल

Road Accident : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है. मटसेना क्षेत्र के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक प्राइवेट बस और टैंकर के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद बस में आग लग गई, जिसमें बस के चालक और कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वहीं, घायलों को इलाज के लिए सैफई और फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

जानकारी के अनुसार, बस कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी और मटसेना थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 46 के पास टैंकर से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस में तुरंत आग लग गई और यात्री जान बचाने के लिए चीख-पुकार करने लगे. हादसे में चालक और परिचालक की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए.

फायर ब्रिगेड और राहत दल मौके पर पहुंचे

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत दल मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने के साथ बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद और सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.

हादसे में 15 से 20 लोग घायल

नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि यह एक गंभीर हादसा है, जिसमें बस और टैंकर की टक्कर के बाद आग लग गई, उन्होंने बताया कि हादसे में 15 से 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी का इलाज अन्य अस्पतालों में चल रहा है. चालक और कंडक्टर की मौत की पुष्टि की गई है.

वहीं, शिकोहाबाद सरकारी अस्पताल के डॉ. पीयूष गंगवार के अनुसार, हादसे के बाद कुल 15 मरीज अस्पताल लाए गए हैं और फिलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है.

ये भी पढ़ें – भारत-इटली संबंधों में बड़ा कदम, रणनीतिक साझेदारी और सहयोग पर बनी सहमति

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button