Gwalior Case : मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है, जिसमें परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. 21 वर्षीय पलक रजक की शादी 14 अप्रैल 2025 को हुई थी और 12 मई को उसके ससुराल में उसकी मौत की सूचना मिली.
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मृतका के परिवार ने इसे दहेज प्रताड़ना और हत्या से जोड़कर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ही पलक को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा था.
मौत से पहले पलक ने मां को क्या बताया
मृतका की मां ने दावा किया कि 12 मई की रात अपनी मौत से कुछ समय पहले पलक ने उनसे बातचीत में बताया था कि घर में झगड़ा चल रहा है और उसके लिए पंखा लगाया जा रहा है. परिवार का यह भी कहना है कि उन्होंने शादी के समय काफी उपहार दिए थे, जिसमें नकद राशि, सोना-चांदी और घरेलू सामान शामिल था, लेकिन इसके बावजूद लगातार अतिरिक्त मांगें की जा रही थीं.
कार की मांग को लेकर विवाद के आरोप
परिजनों के मुताबिक पलक पर कार को लेकर भी दबाव बनाया जा रहा था और इसी को लेकर अक्सर विवाद होता था. उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा उसे बार-बार प्रताड़ित किया जाता था, जिसकी शिकायत उन्होंने पहले डर के कारण नहीं की.
मृतका के पिता ने भी ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है, उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने कई बार उन्हें अपने साथ हो रही परेशानियों के बारे में बताया था, लेकिन समय रहते स्थिति नहीं बदली.
सभी पहलुओं की जांच जारी
वहीं, पुलिस का कहना है कि पलक रजक ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. शुरुआती जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का बताया जा रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें – दीपिका नागर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासा, शरीर के आंतरिक अंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









