Uttar Pradeshराज्य

रिश्वत के आरोप वाला वीडियो पड़ा भारी, सोशल मीडिया पॉलिसी तोड़ने पर सिपाही निलंबित

UP News : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला को मंगलवार (19 मई) को निलंबित कर दिया गया. उन पर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर विभागीय नियमों और यूपी पुलिस की सोशल मीडिया गाइडलाइन का उल्लंघन करने का आरोप है. इसी मामले में नाका कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल नीतू सिंह पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड किया गया है.

जानकारी के मुताबिक, कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला ने हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो पोस्ट किए थे. इन वीडियो में उन्होंने रिजर्व पुलिस लाइन के गणना कार्यालय के प्रभारी और आरआई पर ड्यूटी लगाने के नाम पर पुलिसकर्मियों से हर महीने पैसे लेने का आरोप लगाया था. बताया जा रहा है कि उन्होंने लगातार तीन वीडियो जारी कर अपनी बात सार्वजनिक की थी.

अमेठी के गौरीगंज के रहने वाले सुनील

सुनील कुमार शुक्ला वर्ष 2015 बैच के सिपाही हैं और अमेठी जिले के गौरीगंज क्षेत्र के निवासी बताए जाते हैं. वहीं हेड कांस्टेबल नीतू सिंह, जो 2011 बैच की पुलिसकर्मी हैं, वर्तमान में कोर्ट सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं, उन्होंने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर रिजर्व पुलिस लाइन के अधिकारियों पर इसी तरह के आरोप लगाए थे.

विभागीय नियम तोड़ने पर निलंबन

इस पूरे मामले पर अमरेंद्र कुमार सेंगर ने कहा कि दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ यूपी पुलिस की सोशल मीडिया नीति का उल्लंघन करने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है, उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सोशल मीडिया पर विभागीय मामलों को सार्वजनिक करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो चुकी है.

ये भी पढ़ें- मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर की हत्या, लुधियाना की नीलो नहर में मिला शव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button