विदेश

ट्रम्प ने ठुकराया ईरान का शांति प्रस्ताव, अमेरिका ने रखीं सख्त शर्तें, परमाणु विवाद पर टकराव तेज

US Iran Conflict : अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के नए शांति प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है। ट्रम्प ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान की ओर से भेजा गया जवाब उन्हें स्वीकार्य नहीं है और इसे मंजूर नहीं किया जा सकता। इससे पहले भी वे ईरान पर “समय खराब करने” और “खेल खेलने” का आरोप लगा चुके हैं।

पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को भेजा प्रस्ताव

ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तेहरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को अपना नया प्रस्ताव भेजा था। इसमें युद्ध समाप्त करने, होर्मुज जलडमरूमध्य और फारस की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्रतिबंधों में राहत देने और परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत शुरू करने जैसे मुद्दे शामिल थे।

ईरान को 14 बिंदुओं वाला भेजा प्रस्ताव

हाल ही में अमेरिका ने ईरान को 14 बिंदुओं वाला प्रस्ताव भेजा था, जिसमें कहा गया था कि ईरान कम से कम 12 वर्षों तक यूरेनियम संवर्धन रोक दे और अपने पास मौजूद भारी मात्रा में संवर्धित यूरेनियम अमेरिका को सौंप दे। इसके बदले में अमेरिका प्रतिबंधों में ढील और जब्त संपत्तियों को जारी करने की बात कर रहा था।

होर्मुज स्ट्रेट में संभावित संकट

हालांकि ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम पर किसी भी तरह के बड़े समझौते से इनकार किया है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उनका जवाब सकारात्मक और व्यावहारिक है, और अब आगे का निर्णय अमेरिका को लेना है। तनाव के बीच वैश्विक तेल बाजार भी प्रभावित हुआ है। ब्रेंट क्रूड की कीमतों में तेजी देखी गई और यह 104 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया। होर्मुज स्ट्रेट में संभावित संकट को देखते हुए सप्लाई बाधित होने की आशंका जताई जा रही है।

मेडिकल स्टाफ भी निशाने पर…

उधर, क्षेत्र में हालात और भी गंभीर हो गए हैं। लेबनान में इजराइली हमलों में कई लोगों की मौत की खबर है, जबकि मेडिकल स्टाफ भी निशाने पर आने की रिपोर्ट सामने आई है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, हाल के महीनों में दर्जनों मेडिकल कर्मियों की जान जा चुकी है।

कई देशों के जहाजों ने बदला रूट

होर्मुज क्षेत्र में तनाव के चलते कई देशों के जहाजों ने अपना रूट बदल लिया है। अमेरिका ने दावा किया है कि दर्जनों जहाजों को अपनी दिशा बदलनी पड़ी। वहीं कतर, दक्षिण कोरिया और अन्य देशों के जहाजों पर बाधा और हमलों की घटनाएं भी सामने आई हैं।

यूएई, कुवैत में ड्रोन अलर्ट जारी

ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका या उसके सहयोगी देशों ने होर्मुज क्षेत्र में सैन्य दखल बढ़ाया, तो इसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। साथ ही ईरान ने उन देशों को भी चेतावनी दी है जो अमेरिकी प्रतिबंधों का समर्थन कर रहे हैं। क्षेत्रीय तनाव का असर खाड़ी देशों पर भी दिखने लगा है। यूएई और कुवैत में ड्रोन अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कुछ स्थानों पर सुरक्षा घटनाएं भी दर्ज की गई हैं। हालात को देखते हुए पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- हिमाचल में दर्दनाक हादसा, 6 पर्यटकों की मौत, 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button