Delhi NCRमौसम

देश में बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी, कई राज्यों में हीटवेव का भी खतरा

IMD Weather Alert : देश की राजधानी दिल्ली समेत कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों के दौरान तेज हवाओं और बारिश का सिलसिला देखने को मिला. मई महीने में अभी तक सामान्य से कम गर्मी महसूस की जा रही है, जिसकी वजह मौसम में आए बदलाव बताए जा रहे हैं. इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर देश के कई क्षेत्रों के लिए बारिश और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 10 से 13 मई 2026 के बीच कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. वहीं 10 मई तक अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है, जबकि 11 से 13 मई के बीच तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा.

दक्षिण भारत में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

विभाग ने यह भी बताया है कि केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले 6 से 7 दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बनी रह सकती है. यहां हवाओं की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

देशभर में तेज हवाएं और गरज-चमक का असर

पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात सहित कई राज्यों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मौसम सक्रिय रहा, जहां हवाओं की रफ्तार 50 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई. वहीं अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़ और अन्य क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं.

कई राज्यों में तापमान बढ़ने का अलर्ट

इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में 9 से 13 मई के बीच अलग-अलग इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी दी गई है. मध्य भारत, महाराष्ट्र और गुजरात में आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि पूर्वोत्तर भारत में 8 मई तक तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान जताया गया है.

ये भी पढ़ें- फ्रेशर्स के लिए सुनहरा मौका, पीएम इंटर्नशिप स्कीम से शुरू करें करियर,हर महीने मिलेंगे 9 हजार रुपए

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button