Indore Murder Case : इंदौर के राऊ क्षेत्र में हुए नवीन पाटीदार हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है. यह एक ब्लाइंड मर्डर केस था, जिसमें अब रिश्तों, रंजिश और बदले की साजिश की परतें सामने आई हैं. जांच में सामने आया है कि इस पूरी वारदात की योजना मृतक की पत्नी के कथित प्रेमी ने पत्नी के साथ मिलकर बनाई थी. हिस्ट्रीशीटर पति को रास्ते से हटाने के लिए सुपारी किलर्स को भी शामिल किया गया. पुलिस ने इस मामले में तीन शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता अभी फरार है.
बता दें कि 13 अप्रैल को राऊ इलाके में सड़क किनारे एक युवक गंभीर घायल अवस्था में मिला था. स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गोली लगने की पुष्टि होने के बाद मामले को हत्या में बदल दिया गया और जांच शुरू हुई.
राहुल के मृतक की पत्नी से अवैध संबंध
मृतक की पहचान नवीन पाटीदार के रूप में हुई, जो मूल रूप से उज्जैन का रहने वाला था और हाल ही में राऊ के रंगवासा क्षेत्र में रहने आया था. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वह आपराधिक पृष्ठभूमि वाला हिस्ट्रीशीटर था. डीसीपी कृष्ण लालचंदानी के अनुसार, नवीन और मुख्य आरोपी राहुल मराठा पहले एक हत्या के मामले में साथ शामिल थे. उस केस में पहले नवीन की गिरफ्तारी हुई और बाद में राहुल पकड़ा गया था. राहुल को संदेह था कि उसे पुलिस तक पहुंचाने में नवीन की भूमिका रही है. इसी रंजिश के साथ-साथ राहुल के मृतक की पत्नी से अवैध संबंध भी थे, जिसके बाद पूरी साजिश रची गई.
तीन शूटरों की गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक, राहुल ने पत्नी के साथ मिलकर योजना बनाई और फिर देवास के तीन शूटरों को सुपारी देकर हत्या को अंजाम दिलवाया. जांच में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर बाइक के जरिए आरोपियों की पहचान की गई. इसके बाद पुलिस ने मुकेश कुमावत, अजय धौलपुरिया और श्रीराम बलाई को गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल मृतक की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है, क्योंकि साजिश में उसकी भूमिका को लेकर संदेह है. वहीं, मुख्य आरोपी राहुल मराठा अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा जल्द किया जाएगा.
ये भी पढ़ें- दोस्त से मिलने के लिए 12 किलोमीटर दौड़ी लड़की, धूल से हुआ बुरा हाल
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









