UP News : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से पहले तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. प्रशासन का कहना है कि कैंपस व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं. खासतौर पर हॉस्टलों को लेकर सख्ती बरती जाएगी और ऐसे छात्रों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा जो विश्वविद्यालय में पंजीकृत नहीं हैं, लेकिन हॉस्टलों में रह रहे हैं. ऐसे मामलों में जांच के बाद उन्हें हॉस्टल खाली कराना होगा.
कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं, जो अलग-अलग हॉस्टलों का दौरा करेंगी और छात्रों से सीधा संवाद करेंगी. प्रशासन ने यह भी व्यवस्था की है कि यदि कोई छात्र किसी संदिग्ध गतिविधि या गलत संगति की जानकारी देता है, तो उसकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
विदेशी छात्रों की सुरक्षा पर प्रशासन सक्रिय
विदेशी छात्रों को लेकर भी विश्वविद्यालय प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है. अधिकारियों के अनुसार, मिडिल ईस्ट के कई छात्र यहां पढ़ाई कर रहे हैं और उनकी सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है. छात्रों को किसी भी परेशानी की स्थिति में 24 घंटे संपर्क करने की सुविधा दी गई है, ताकि वे बिना तनाव के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें.
विदेशी छात्रों के लिए स्पेशल हॉस्टल की तैयारी
इसके अलावा, प्रशासन विदेशी छात्रों के लिए अलग से एक विशेष हॉस्टल बनाने की योजना पर काम कर रहा है. इस हॉस्टल में रहने, पढ़ाई और अन्य जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि छात्रों को इधर-उधर भटकना न पड़े.
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न सिर्फ विदेशी छात्रों को सुविधा मिलेगी, बल्कि भविष्य में उनकी संख्या बढ़ने की भी संभावना है. साथ ही मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए यह कदम विदेशी छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें – सेहत कार्ड का पंजीकरण बढ़कर हुआ 40 लाख, हमारा लक्ष्य -सौ प्रतिशत कवरेज : डॉ. बलबीर सिंह
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









