
Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा अनुसूचित जाति समुदाय के विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया गया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना के तहत पंजाब सरकार के हिस्से के रूप में 245 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।
करीब ढ़ाई लाख पात्र विद्यार्थियों का डेटा प्राप्त
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि इस योजना के तहत 2 लाख 45 हजार से अधिक पात्र विद्यार्थियों का डेटा प्राप्त हुआ है, जिन्हें इस राशि का सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह स्कॉलरशिप आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है और इससे हजारों परिवारों पर पढ़ाई का आर्थिक बोझ कम हुआ है।
मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र विद्यार्थी केवल आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना हजारों विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही है, जिससे वे अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।
डॉ. बलजीत कौर ने आगे कहा कि जब गरीब परिवारों के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ते हैं, तो इससे न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार सामाजिक न्याय, समान अवसर और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें – 8वें वेतन आयोग की बैठक से पहले DA का इंतजार, जानिए पूरा सच
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









