Uttar Pradeshराज्य

अप्रैल में बदला मौसम, यूपी में बारिश और ठंडी हवाओं से सर्दी जैसा एहसास

UP Weather Today : उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. अप्रैल के महीने में ही लोगों को ठंड जैसा अहसास होने लगा है. मंगलवार शाम नोएडा और गाजियाबाद समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंडी हवाएं चलने लगीं.

बुधवार सुबह से ही पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में आसमान घने बादलों से ढका हुआ है. सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ समेत आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है. वहीं नोएडा और गाजियाबाद में भी बादल छाए हुए हैं. राजधानी लखनऊ में बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है.

पूर्वी यूपी में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी देखने को मिल सकती है.

वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है. इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां हवाओं की रफ्तार करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है.

पश्चिमी से पूर्वी यूपी तक खराब मौसम का असर

मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश को लेकर चेतावनी दी है. पश्चिमी से लेकर पूर्वी यूपी तक कई जगहों पर खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है.

इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, आगरा, अलीगढ़, बरेली, लखनऊ, कानपुर और आसपास के जिलों में ओले गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

बारिश से तापमान में गिरावट

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के चलते प्रदेश के अधिकतम तापमान में अगले 24 घंटों के भीतर 6 से 8 डिग्री तक गिरावट आ सकती है. हालांकि इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है.

फिलहाल अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही बदला हुआ रूप देखने को मिल सकता है, जिसके बाद हालात सामान्य होने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें – ईरान पर अमेरिका के हवाई हमले, खर्ग और काशान में टारगेट किए गए करीब 50 ठिकाने

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button