Crime News : मध्य प्रदेश के अमरवाड़ा से एक बेहद चौकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने अंधविश्वास और शक के खतरनाक असर को एक बार फिर उजागर कर दिया है. यहां एक युवक ने सिर्फ जादू-टोने के शक में एक बुजुर्ग की जान ले ली.
जानकारी के मुताबिक, 27 वर्षीय युवक को अपने ही गांव के एक बुजुर्ग पर लंबे समय से शक था कि वह उसके परिवार के खिलाफ टोना-टोटका कर रहे हैं. इसी शक ने धीरे-धीरे इतना गंभीर रूप ले लिया कि उसने हिंसा का रास्ता अपना लिया. युवक को यह भी लगता था कि उसके नवजात बच्चे की मौत और दूसरे बच्चे की खराब तबीयत के पीछे उसी बुजुर्ग का हाथ है.
बीच सड़क पर बुजुर्ग पर हमला
ये घटना 2 अप्रैल 2026 की शाम की बताई जा रही है, जब युवक ने बीच सड़क पर बुजुर्ग पर हमला कर दिया. उसने डंडे से लगातार वार किए, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कुछ ही घंटों में आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए विशेष टीम बनाई और जांच शुरू की. मुखबिरों की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया गया. पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं.
आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. इस पूरी घटना ने एक बार फिर यह दिखाया है कि अंधविश्वास और गलत धारणाएं किस तरह लोगों को हिंसा की ओर धकेल सकती हैं.
ये भी पढ़ें- राघव चड्ढा बताएं, जनहित के मुद्दों पर मोदी सरकार के खिलाफ बोलने से क्यों डर रहे?- ”आप”
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप








