Punjab News : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान, पीएसपीसीएल दफ्तर तलवंडी साबो, जिला बठिंडा में तैनात जूनियर इंजीनियर लखवीर सिंह को 14,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
इस संबंध में आज यहां राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को तलवंडी साबो, जिला बठिंडा के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है.
15,000 रुपये रिश्वत लेने के लिए तैयार
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के बेटे ने अपनी गाड़ी पार्क करते समय गली में स्थित बिजली के खंभे से टक्कर मार दी. गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और खंभा भी टूट गया. आरोपी रेशम सिंह ए.एल.एम. और लखबीर सिंह जे.ई. मौके पर पहुंचे और कहा कि आपकी गाड़ी जब्त कर ली जाएगी. दोनों आरोपियों ने मामले को सुलझाने के लिए 25,000 रुपये रिश्वत की मांग की. शिकायतकर्ता के कहने पर वे 25,000 रुपये की बजाय 15,000 रुपये रिश्वत लेने के लिए तैयार हो गए. शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने संबंधी पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी.
सह-आरोपी की गिरफ्तारी और जांच जारी
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज बठिंडा से संपर्क किया. उसकी शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एक जाल बिछाया, जिसके दौरान आरोपी जूनियर इंजीनियर को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 14,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया.
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. उसके सह-आरोपी रेशम सिंह ए.एल.एम. को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और इस मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें – हरियाणा सीएम सैनी ने संत शिरोमणि श्री गुरु लाधुनाथ जी महाराज की जयंती पर उन्हें अर्पित की श्रद्धांजलि
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









