Punjab News : पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम के दौरान, जिला फरीदकोट की जैतो मंडी में स्थित वेयरहाउस में तैनात वेयरहाउस इंस्पेक्टर नरेश कुमार गोयल को 18,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.
इस संबंध में जानकारी देते हुए, राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव घणिया, जिला फरीदकोट के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है.
मंडी से फसल न उठाने की धमकी
उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता आढ़तिया के रूप में काम करता है और आरोपी वेयरहाउस इंस्पेक्टर नरेश कुमार गोयल आढ़तियों से फसल की खरीद करता है. आरोपी वेयरहाउस इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से 18,500 रुपये की रिश्वत मांगी और कहा कि यदि शिकायतकर्ता उसे रिश्वत नहीं देगा तो वह उसकी आने वाली गेहूं की फसल को मंडी से नहीं उठने देगा. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी इंस्पेक्टर अक्सर रिश्वत लेने के लिए किसानों से खरीदी गई फसलों में जानबूझकर दोष निकालता रहता है.
भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज फिरोजपुर से संपर्क किया. उसकी शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद, विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने एक जाल बिछाया, जिसमें आरोपी इंस्पेक्टर को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता से 18,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया.
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विजिलेंस ब्यूरो के थाना फिरोजपुर में मामला दर्ज किया गया है और इस मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- बाहर आश्रम का बोर्ड, अंदर नकली नोटों का कारखाना, नकली करेंसी का पर्दाफाश
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









