Uttar Pradeshराज्य

प्रेमिका के भाइयों ने अस्पताल में घुसकर प्रेमी को मारी गोली, लड़की की शादी में किया था बवाल

UP News : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के थाना क्वार्सी इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां मैरिस रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती युवक पर देर रात दो लड़कों ने तबाड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली सिर में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हमलावरों का पीछा कर रहे अस्पताल के कर्मचारियों को रोकने के लिए हमलावर फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए. गोली लगने के बाद घायल युवक को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. दोनों आरोपियों में से एक युवक की प्रेमिका का सगा भाई है, जो उत्तर प्रदेश पुलिस में है और दूसरा चचेरा भाई है जो पीएसी में तैनात है. प्रेमिका का पिता भी बागपत में पुलिस में तैनात है, जिसे हिरासत में ले लिया गया है.

वेदपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया

घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी नीरज जादौन तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचे, उन्होंने बताया कि घायल युवक का नाम वेदपाल है. वेदपाल पिछले पांच वर्षों से मथुरा की एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था. लेकिन उस युवती की शादी 3 फरवरी को हो गई थी. शादी के अवसर पर वेदपाल वहां पहुंचा और विवाद खड़ा कर दिया. इसके बाद युवती के परिवार वालों ने वेदपाल से मारपीट की. घटना के बाद मथुरा पुलिस ने वेदपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

वेदपाल निजी अस्पताल में भर्ती था

घटना के लगभग 15 दिन जेल में रहने के बाद वेदपाल को रिहा किया गया. गंभीर चोटों के इलाज के लिए वह निजी अस्पताल में भर्ती था. सोमवार देर शाम, अस्पताल में ही युवती के दो भाइयों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली उसके सिर में लगी, जिससे वेदपाल की हालत गंभीर बनी हुई है.

वहीं एसएसपी ने बताया कि युवती का एक भाई पुलिस में तैनात है और उसकी पहचान कर ली गई है. पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बना दी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. साथ ही, युवती के पिता को भी हिरासत में लिया गया है. पुलिस हर पहलू की जांच-पड़ताल कर रही है और मामले में सख्त कार्रवाई कर रही है.

ये भी पढ़ें – गैस, बिजली, कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर कांग्रेस कल करेगी विधानसभा का घेराव

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button