Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह आधुनिक पिस्तौल और 3.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर सीमा पार से हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के दो अलग-अलग मॉड्यूलों का पर्दाफाश किया है. यह जानकारी आज यहां पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी.
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान करन सिंह (26), गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (22), राकेश उर्फ केशू (26), चमकौर सिंह उर्फ चमकौर (23) चारों निवासी खेमकरण, जिला तरनतारन तथा मख्खनदीन उर्फ मख्खन (22) निवासी नाग कलां, अमृतसर और जसबीर सिंह उर्फ बीरा उर्फ रघु (19) निवासी गांव मूलेचक्क, अमृतसर के रूप में हुई है.
विदेशी पिस्तौल और 60 कारतूस बरामद
बरामद किए गए हथियारों में तीन पीएक्स 5.7×28 एमएम टीआईएसएएस (तुर्की) पिस्तौल, दो .30 बोर और एक 9 एमएम पिस्तौल के अलावा 60 जिंदा कारतूस भी शामिल हैं. इस कार्रवाई में बरामद किए गए आधुनिक ऑटोमैटिक पीएक्स 5.7×28 एमएम टीआईएसएएस तुर्की सीरीज के पिस्तौल नवीनतम हथियार हैं और यह दुर्लभ बरामदगियों में से एक माने जाते हैं.
ड्रोन से भेजे जा रहे थे हथियार और नशा
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के पाकिस्तान-आधारित तस्करों से संबंधों का खुलासा हुआ है, जो ड्रोन के माध्यम से भारत-पाकिस्तान सीमा के निकट हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई कर रहे थे, उन्होंने कहा कि आरोपी सीमा पार के एक हैंडलर के अधीन काम कर रहे थे, जिससे संकेत मिलता है कि यह एक बड़ा संगठित तस्करी नेटवर्क हो सकता है.
डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए और जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके.
कई पिस्तौल और कारतूस मिले
पुलिस आयुक्त (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गश्त और तलाशी के दौरान पुलिस टीमों ने मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों- करन सिंह और गुरप्रीत उर्फ गोपी- को रोका. तलाशी लेने पर उनके पास से दो टीआईएसएएस तुर्की पिस्तौल, मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए, उन्होंने आगे बताया कि इन आरोपियों के खुलासे के बाद जांच के दौरान गोला-बारूद सहित एक और टीआईएसएएस तुर्की पिस्तौल और एक .30 बोर पिस्तौल बरामद की गई.
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीकी गांवों से संबंधित हैं, जिससे सीमा पार से इन हथियारों की तस्करी में उन्हें मदद मिली. पूछताछ के दौरान दोनों ने अपने सप्लायर का खुलासा किया, जिसकी पहचान मख्खनदीन उर्फ मख्खन के रूप में हुई. बाद में उसे एक .30 बोर पिस्तौल, मैगजीन और गोला-बारूद सहित गिरफ्तार कर लिया गया.
जांच में 800 ग्राम और हेरोइन जब्त
सीपी ने बताया कि इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई में पुलिस टीमों ने संदिग्ध राकेश उर्फ केशू और चमकौर सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 ग्राम हेरोइन बरामद की. उनके खुलासे पर 800 ग्राम और हेरोइन बरामद की गई, जिससे इस मामले में हेरोइन की कुल बरामदगी 1 किलोग्राम हो गई. उन्होंने कहा कि इस मामले में विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने आगे की कार्रवाई करते हुए जसबीर सिंह उर्फ बीरा उर्फ रघु को 2.5 किलोग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों में चुनावों का ऐलान, 4 मई को आएगा रिजल्ट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









