Uttar Pradeshक्राइम

रेलवे किनारे पेड़ से लटका मिला महिला का शव, नीचे बच्ची और युवक मृत, जांच में जुटी पुलिस

Up Crime News : उत्तर प्रदेश के बुलदंशहर स्थित खुर्जा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नेहरूपुर गांव के पास रेलवे लाइन के किनारे स्थित खेत में एक पेड़ के नीचे 5 वर्षीय बच्ची सावंती और उसके चाचा सरल (28) के शव मिले, जबकि बच्ची की मां देवी सरकार (32) का शव उसी पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटनास्थल पर चिप्स के पैकेट, कोल्ड ड्रिंक, पानी की बोतल, एक पराठा और एक सेब सहित कुछ अन्य सामान मिला है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी टूटे हुए हालत में पाए गए। पुलिस को शवों की स्थिति देखकर मामला संदिग्ध लग रहा है, क्योंकि जमीन पर पड़े दोनों शवों की गर्दन पर भी रस्सी के निशान पाए गए हैं।

मृतका का पति फरार

सूचना मिलने पर एसएसपी, एसपी, सीओ खुर्जा और खुर्जा नगर व देहात थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सीओ शोभित कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह रेलवे के कीमैन ने पुलिस को जानकारी दी कि खेत के पास पेड़ के नीचे कुछ शव पड़े हुए हैं। प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि महिला का पति अपीश्वर फिलहाल फरार बताया जा रहा है, इसलिए हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी महिला

पुलिस के अनुसार मृतक महिला देवी सरकार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के पूर्वा मल्लापूरा गांव की रहने वाली थी। वह अपने पति अपीश्वर के साथ खुर्जा की एक पॉटरी फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। वहीं मृतक युवक सरल सरकार उसका देवर था और वह भी क्षेत्र की एक अन्य पॉटरी इकाई में काम करता था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस टीम विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें – झारखंड में कृषि और पशुपालन विकास को नई दिशा, दो अहम एमओयू पर हस्ताक्षर

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button