Punjab News : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए चल रही मुहिम के दौरान बड़ी सफलता के अंतर्गत काउंटर इंटेलीजैंस ( सीआई) अमृतसर ने नशा तस्करी के साथ जुड़े माड्यूल के तीन कारकुनों को 6 किलो हेरोइन और 6 किलो आईसीई ( क्रिस्टल मेथामफेटामाईन) बरामद करके, इस गिरोह का पर्दाफाश किया है. यह जानकारी डायरेक्टर जनरल आफ पुलिस ( डीजीपी), पंजाब गौरव यादव ने आज यहां सांझा की.
गिरफ़्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान फिरोजपुर के गांव सुरसिंह वाला के निवासी प्रताप सिंह, अमृतसर के गांव कोहाला के निवासी अजैपाल सिंह और अमृतसर के गांव ख्याला कलां के निवासी जोबनदीप सिंह के तौर पर हुई है. पुलिस टीमों ने नशीले पदार्थों की खेप बरामद करने के अलावा दोषियों का काले रंग का स्पलैंडर मोटरसाईकल ( पीबी 02 एफ.ई. 1185) और सफेद रंग की एक्टिवा (पीबी 02 ईटी 8995) भी जब्त कर लिया है, जो खेप की ढुलाई के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे.
ड्रोन से सप्लाई अमृतसर बॉर्डर से
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्राथमिक जांच से पता लगा है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी, प्रताप सिंह और अजैपाल सिंह पाकिस्तानी तस्कर के सीधे संपर्क में थे. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अमृतसर के गांव अटलगढ़ और रतन के बाड़ वाले क्षेत्र से ड्रोन के द्वारा सरहद पार तस्करी की खेप प्राप्त कर रहे थे और उनको राज्य में आगे अन्य को यह नशीले पदार्थ स्पलाई करने का काम सौंपा गया था.
6 किलो हेरोइन व 6 किलो ICE के साथ गिरफ्तार
आपरेशन सम्बन्धित विवरण सांझा करते उन्होंने कहा कि सीआई अमृतसर को पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी कि प्रताप सिंह और अजैपाल सिंह को हाल ही में ड्रोन के द्वारा नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप मिली है और वह इस खेप को गांव स्तर में श्मशानघाट की पानी वाली टैंकी नजदीक अपने साथी जोबनदीप सिंह तक पहुंचाने जा रहे है, उन्होंने कहा कि तेजी के साथ कार्यवाही करते सी.आई. अमृतसर की पुलिस टीम ने उस जगह पर छापा मारा और तीनों शक्कियों को 6 किलो हेरोइन और 6 किलो आईसीई सहित गिरफ्तार किया.
अमृतसर में और गिरफ्तारियों की संभावना
डीजीपी ने कहा कि मामले में पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए अगले- पिछले सम्बन्ध स्थापित करने के लिए और जांच की जा रही है और अन्य गिरफ़्तारियां होने की उम्मीद है. इस सम्बन्ध में एफआईआर नंबर 10 तारीख 23.02.2026 को पुलिस स्टेशन स्टेट स्पैशल आपरेशन सैल, अमृतसर में एन.डी.पी.एस.एक्ट की धाराओं 21, 22, 25 और 29 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें – बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचार अभी भी जारी, हिंदू महिला के साथ हुई गैंगरेप
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









