राजनीतिराष्ट्रीय

AI शिखर सम्मेलन में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सांसद संबित पात्रा ने लगाया गंभीर आरोप

Congress Protest : भारत मंडपम में चल रहे एआई शिखर सम्मेलन के दौरान शुक्रवार को भारतीय युवा कांग्रेस के नेताओं ने एक विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा सांसद और प्रवक्ता, संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन कोई सामान्य कार्यकर्ता नहीं बल्कि बड़े कांग्रेस नेताओं द्वारा योजनाबद्ध तरीके से आयोजित किया गया था। उन्होंने दावा किया कि इस प्रदर्शन की योजना राहुल गांधी के आवास पर बनाई गई थी, जहां सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा भी मौजूद थीं।

यह प्रदर्शन संयोग नहीं बल्कि एक प्रयोग – पात्रा

संबित पात्रा ने यह भी बताया कि जिन कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया गया, उनमें से कुछ सचिव और अध्यक्ष पदों पर आसीन हैं, और यह कोई सामान्य कार्यकर्ता नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग पहले से रजिस्ट्रेशन कराकर सम्मेलन में पहुंचे थे और योजनाबद्ध तरीके से प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि प्रदर्शन करना महज संयोग नहीं बल्कि एक प्रयोग था।

संबित पात्रा ने राहुल गांधी और कांग्रेस को गद्दार बताते हुए कहा कि उनका काम देश में खुशियों के रंगों में भंग डालना है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक पर भारत को अपमानित करने का प्रयास किया है, और अब एआई सम्मेलन में हंगामा करके उन्होंने भारत को दुनिया के सामने शर्मिंदा किया।

भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया गंभीर आरोप

भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “यह राष्ट्रीय शर्म की बात है कि जब भारत वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन का आयोजन कर रहा था और प्रौद्योगिकी में अपनी सफलता का प्रदर्शन कर रहा था, कांग्रेस ने व्यवधान उत्पन्न किया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समिट में कपड़े उतारे और हंगामा किया, जो भारत को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर शर्मिंदा करने के लिए किया गया एक कृत्य था।”

भाजपा ने कहा कि कांग्रेस का यह कदम उन लोगों के हितों को समर्थन देने वाला था, जो भारत को गिरते हुए देखना चाहते हैं। भा.ज.पा. ने यह भी स्पष्ट किया कि जबकि राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन भारत की वैश्विक छवि को नुकसान पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है।

राजनाथ सिंह की कड़ी प्रतिक्रिया

इस प्रदर्शन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा, “जब भारत मंडपम में एआई शिखर सम्मेलन हो रहा था और पूरी दुनिया भारत के तकनीकी नेतृत्व को देख रही थी, कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय व्यवधान उत्पन्न किया।” उन्होंने कांग्रेस के इस कृत्य की भर्त्सना करते हुए कहा कि यह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण था, बल्कि भारत की अंतर्राष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास था।

राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्रहित से ऊपर राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा, “जब भी भारत वैश्विक मंच पर आगे बढ़ता है, कांग्रेस पार्टी देश की प्रतिष्ठा को चोट पहुंचाने का कोई मौका नहीं छोड़ती।”

ये भी पढ़ें – सुप्रीम कोर्ट का आंध्र प्रदेश हत्या मामले में कड़ा रुख, प्रशासन और सत्ता के गठजोड़ पर उठाए सवाल

Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र,  बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप

Related Articles

Back to top button