Youth Congress Protest : यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एआई इंपैक्ट समिट के दौरान भारत मंडपम में विरोध प्रदर्शन किया, उन्होंने शर्ट उतारकर विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया. यह प्रदर्शन भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ था. प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए गए. बीजेपी ने इस घटना को शर्मनाक करार दिया और कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इस तरह का प्रदर्शन कर रही है. उल्लेखनीय है कि यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की टी-शर्ट पर पीएम मोदी की फोटो बनी हुई थी.
यूथ कांग्रेस ने एआई समिट में प्रदर्शन किया
यूथ कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल से प्रदर्शन की फोटो और वीडियो साझा करते हुए लिखा कि, “विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और मौन जब हावी हो जाए, तो स्पष्ट होता है कि पीएम मोदी कंप्रोमाइज्ड हैं. इस हकीकत को उजागर करने के लिए भारतीय युवा कांग्रेस के निडर कार्यकर्ता एआई समिट में पहुंचे और कंप्रोमाइज्ड पीएम के खिलाफ विरोध किया. देश की अस्मिता के साथ कोई समझौता नहीं चलेगा. इंकलाब जिंदाबाद. “
दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस प्रदर्शन पर कार्रवाई की
दिल्ली पुलिस ने बताया कि वह इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है. इस दौरान पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस यह जांच कर रही है कि प्रदर्शनकारी परिसर में पास के जरिए आए थे या क्यूआर कोड का इस्तेमाल किया था.
अन्य फ्री ट्रेड एग्रीमेंट की समयसीमा घोषित
कॉमर्स और इंडस्ट्री मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट संभवतः मार्च में साइन होगा और अप्रैल से लागू हो सकता है. इसके अलावा, उन्होंने कहा कि भारत के यूके और ओमान के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट भी अप्रैल में लागू होने की संभावना है, जबकि न्यूजीलैंड के साथ यह समझौता सितंबर में लागू होने की उम्मीद है. अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के लीगल टेक्स्ट को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय और अमेरिकी अधिकारियों के बीच तीन दिन की बैठक 23 फरवरी से अमेरिका में शुरू होगी. इस महीने की शुरुआत में, भारत और अमेरिका ने एक संयुक्त बयान जारी कर बताया था कि अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट का फ्रेमवर्क फाइनल कर लिया गया है.
ये भी पढ़ें- Bengaluru Murder Case : बेंगलुरु में 70 साल की महिला की गला काटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









