UP News : उत्तर प्रदेश के मथुरा में होने वाले प्रसिद्ध होली उत्सव को लेकर श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर केस के मुख्य याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने मुस्लिमों को बृज की होली से दूर रहने की अपील की है. इस विषय पर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मुस्लिमों को त्योहार से दूर रखने की मांग की है. मथुरा के कई साधु-संतों ने भी इस मांग का समर्थन किया है.
फलाहारी महाराज ने पत्र में यह चिंता जताई कि कुछ लोग होली के रंगों का दुरुपयोग कर सकते हैं. उनके अनुसार, यह धार्मिक और सामाजिक भावना के खिलाफ है, उन्होंने सुझाव दिया कि होली जैसे पवित्र त्योहारों में सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखते हुए सावधानी बरती जाए और किसी भी तरह की गलत गतिविधियों को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएँ.
होली के रंगों के दुरुपयोग और सुरक्षा पर चेतावनी
फलाहारी महाराज ने लिखा है कि हमारे पवित्र त्योहारों से मुसलमानों को दूर रखा जाए क्योंकि कुछ लोग होली के रंगों और हिंदुओं से नफरत रखते हैं. उनके अनुसार, ये लोग दुकानों पर रंग बेचते समय कांच मिला सकते हैं या अन्य तरीके से रंग को दूषित कर सकते हैं. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे लोग हमारे त्योहार में लव जिहाद जैसी घटनाओं को बढ़ावा दे सकते हैं.
त्योहारों में घुसपैठ रोकने का अनुरोध
अंत में उन्होंने आग्रह किया कि जो लोग अपनी पहचान छिपाकर या नाम बदलकर होली के पवित्र रंग बेचते हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए. उनका कहना था कि ऐसे लोग हमारे त्योहारों को अपवित्र करने का प्रयास करते हैं, जबकि हम उनके त्योहारों या धार्मिक स्थलों में नहीं जाते. इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि हमारे त्योहारों में किसी भी तरह की घुसपैठ न हो.
उन्होंने आगे लिखा कि मुस्लिमों को हमारे पवित्र त्योहारों से दूर रहना चाहिए और किसी भी तरह रंग में भंग डालने का प्रयास नहीं करना चाहिए.
फलाहारी महाराज का संकल्प और मथुरा-वृंदावन की होली
बता दें कि यह वही फलाहारी महाराज हैं जिन्होंने संकल्प लिया था कि श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर से मस्जिद हटने तक अनशन करेंगे, और उनका अनशन आज भी जारी है. मथुरा, वृंदावन और बरसाना की होली विश्व प्रसिद्ध है, जहां लाखों श्रद्धालु इस त्योहार का आनंद लेने पहुंचते हैं.
ये भी पढ़ें- Ration Card : मोदी सरकार का बड़ा फैसला, राशन की जगह अब सीधे अकाउंट में आएंगे पैसे
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









