Canada School Shooting : कनाडा के टंबलर रिज स्थित एक स्कूल में हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हो गए हैं. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के स्टाफ सर्जेंट क्रिस क्लार्क ने टेक्स्ट मैसेज के जरिए इस घटना की पुष्टि की है.
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर टंबलर रिज सेकेंडरी स्कूल में हुई गोलीबारी में एक संदिग्ध समेत कुल 10 लोगों की मौत हो गई. करीब दो दर्जन लोग घायल हैं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
एक्टिव शूटर होने की सूचना मिली थी
टंबलर रिज आरसीएमपी (RCMP) ने बताया कि दोपहर करीब 1:20 बजे स्कूल में एक्टिव शूटर होने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम तुरंत स्कूल में दाखिल हुई और तलाशी अभियान शुरू किया.
पुलिस के मुताबिक, सर्च अभियान के दौरान कई पीड़ित मिले. संदिग्ध व्यक्ति स्कूल के अंदर मृत पाया गया, जिस पर आत्मघाती घाव के निशान थे. वहीं, स्कूल परिसर के अंदर छह अन्य लोगों की भी मौत हो चुकी थी, जबकि एक घायल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया.
हवाई मार्ग से अस्पताल भेजा गया
वहीं, पुलिस ने बताया कि दो गंभीर घायलों को हवाई मार्ग से अस्पताल भेजा गया है और सभी छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. स्कूल प्रशासन के साथ मिलकर परिजनों से मिलवाने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस के मुताबिक, घटना से जुड़े एक घर में दो और लोगों के मृत मिलने की भी सूचना है. फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध या जनता के लिए खतरे की आशंका नहीं है. मामले की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- Mathura Suicide Case : मथुरा में एक परिवार के 5 लोगों ने दी जान, दीवार पर लिखा नोट
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









