
Cab Driver Strike : रोजाना कैब के भरोसे सफर करने वाले लोगों के साथ कभी-कभार कैब का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए भी 7 फरवरी का दिन बहुत परेशान करने वाला है। क्योंकि इस दिन पूरे भारत के कैब ड्राइवर हड़ताल करने वाले हैं। ड्राइवरों ने इसे ‘ऑल इंडिया ब्रेकडाउन’ का नाम दिया है और वे अपना मोबाइल एप बंद रखेंगे। इसकी सबसे बड़ी वजह जो सामने आई है वो ड्राइवरों का न्यूनतम किराया तय ना होना और कंपनियों द्वारा कमीशन में कटौती करना है।
सड़क परिवहन मंत्री को लिखी चिट्ठी
इस हड़ताल को TGPWU (तेलंगाना गिग वर्कर्स यूनियन) और दूसरे संगठनों ने मिलकर शुरू किया है। कल यानी 7 फरवरी को कोई भी कैब ड्राइवर काम नहीं करेंगे और अपने मोबाइल का ऐप भी बंद रखेंगे। दरअसल, उनका कहना है कि कि न तो उनका कोई किराया तय है और न ही कोई नियम, बस उनका शोषण हो रहा है। इस सिलसिले में यूनियन ने सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को भी चिट्ठी लिखकर अपनी शिकायतें रखीं हैं। ड्राइवरों ने कहा है कि सरकार की तरफ से कोई रेट तय नहीं है इसलिए कंपनियां अपनी मर्जी से पैसे काटती हैं। इस वजह से ड्राइवरों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है।
यूनियन की सरकार से मांग
- यूनियन की सरकार से यह मांग है कि ऑटो, टैक्सी और बाइक टैक्सी ड्राइवरों के लिए तुरंत न्यूनतम किराया तय किया जाए। उन्होंने जोर दिया है कि यह निर्णय ड्राइवरों के साथ विचार-विमर्श करके ही लिया जाना चाहिए
- साथ ही, यूनियन ने निजी सफेद नंबर वाली गाड़ियों के कमर्शियल उपयोग पर पूरी तरह रोक लगाने या उन्हें कमर्शियल श्रेणी में बदलने की बात भी उठाई है।
- यूनियन का कहना है कि सरकार को इन कंपनियों पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए ताकि ड्राइवरों के साथ हो रहे शोषण और मनमानी को रोका जा सके।
यात्रियों पर पड़ेगा असर
बता दें कि शनिवार यानी 7 फरवरी को कैब ड्राइवरों द्वारा किए जाने वाले हड़ताल के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। जो लोग रोज उबर, रैपिडो या ओला के माध्यम से यात्रा करते हैं, उन्हें कल ये सुविधा नहीं मिल पाएगी। अलग मिली भी तो किराया डबल या उससे ज्यादा हो सकता है। ऐसे में अच्छा यही रहेगा कि आप घर से निकलने के लिए मेट्रो, बस या अपनी निजी गाड़ी जैसे दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें।
ये भी पढ़ें – फिर बढ़ाई गई SIR में दावे-आपत्तियों की तारीख, जानें अब कब तक कर सकेंगे आवेदन?
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









