UP Weather Today : उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और कोहरे का असर लगातार बना हुआ है. पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में सूखी सर्दी बढ़ गई है. बर्फीली हवाओं से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. कई क्षेत्रों में घने कोहरे के चलते धूप निकलने में भी परेशानी हो रही है. मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश के कई जिलों में घने से लेकर अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है.
मौसम विभाग ने आज 6 जनवरी को भी प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है. इस दौरान पश्चिमी यूपी के कई जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पूर्वांचल के कई जिलों में घने से लेकर अत्यंत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में शून्य मीटर तक दृश्यता रहने का अनुमान है, जिससे आवागमन पर प्रभाव पड़ सकता है.
इटावा सबसे ठंडा, यूपी में बढ़ी सर्दी की मार
पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण यूपी के मैदानी इलाकों में सर्दी का असर तेज हो गया है. बीते 24 घंटों में इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है. यह इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा. वहीं बहराइच, गोरखपुर, सुल्तानपुर और आजमगढ़ भी प्रदेश के ठंडे जिलों में शामिल रहे, जहां न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया.
ठंडी हवाओं से बढ़ी कंपकंपी
राजधानी लखनऊ में सुबह और शाम के समय घना कोहरा देखने को मिला, जबकि दिन में हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन सर्द हवाओं के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी. दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में कोहरे से थोड़ी राहत मिली है, मगर ठंडी हवाओं ने लोगों को कांपने पर मजबूर कर दिया. अगले तीन दिनों तक कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं, हालांकि इसके बाद इसमें कुछ कमी आने की संभावना है.
ये भी पढ़ें – प्रदूषण से घुट रहा दिल्लीवालों का दम, “आप” विधायकों का मास्क लगा विधानसभा में जबरदस्त प्रदर्शन
Hindi Khabar App: देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए. हिन्दी ख़बर ऐप









