
UP: उत्तर प्रदेश में ₹10 लाख करोड़ के निवेश धरातल पर उतारे जा चुके हैं। गत माह आयोजित हुए ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी 4.0) के बाद प्रदेश के सभी 18 मंडलों में बड़े पैमाने पर निवेश को धरातल पर उतारा गया है। हजारों करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं से मंडलों में न केवल उद्योग का वातावरण बनेगा, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार भी सृजित होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्पष्ट मंशा है कि प्रदेश के नौजवानों को नौकरी की तलाश में प्रदेश से बाहर न जाना पड़े, ऐसे में राज्य के विभिन्न मंडलों में हो रहे हजारों करोड़ रुपए के निवेश से नई उम्मीद जगी है।
बात करें सहारनपुर मंडल की तो इसमें शामिल तीन जिलों, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में ₹50 करोड़ से अधिक की 14 बड़ी परियोजनाओं पर सबकी निगाहें टिकी हैं। ₹5435 करोड़ की ये परियोजनाएं अपने साथ 10 हजार से अधिक रोजगार भी लेकर आ रही हैं। इन परियोजनाओं में इथनॉल प्लांट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, विद्युत ट्रांसमिशन, प्राइवेट इंडस्ट्रियल प्लांट, वुडेन हैंडिक्राफ्ट, होटल इंडस्ट्री, डिस्टलरी और सरिया निर्माण जैसे उद्योग शामिल हैं।
मुजफ्फरनगर जिले में सर्वाधिक निवेश
जीबीसी 4.0 के जरिए सहारनपुर मंडल अंतर्गत तीनों जिलों में मुजफ्फरनगर जनपद में सर्वाधिक निवेश धरातल पर उतारने में सफलता मिली है। 50 करोड़ से अधिक का निवेश करने वाली पांच परियोजनाओं से ₹2,811 करोड़ का निवेश धरातल पर उतर रहा है। इससे 1,420 रोजगार सृजित होंगे। मुजफ्फरनगर में जो बड़े उद्योग समूह निवेश कर रहे हैं उनमें सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट में जीसी इंडिया सॉल्यूशन प्रा.लि. की ओर से ₹1480 करोड़ का निवेश किया जा रहा है, इससे लगभग 500 रोजगार सृजित होंगे।
सहारनपुर में सबसे ज्यादा रोजगार
सहारनपुर मंडल के तीनों जनपदों में से मुख्यालय जनपद यानी सहारनपुर में सर्वाधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। यहां ₹1,314 करोड़ की परियोजनाओं से 7249 रोजगार के अवसर पैदा होंगे। ₹50 करोड़ से अधिक की चार परियोजनाएं यहां मूर्त रूप ले रही हैं। इनमें लकड़ी के हैंडिक्राफ्ट के एक्सपोर्ट के लिए सहारनपुर हैंडिक्राफ्ट डेवलपमेंट सेंटर की ओर से ₹604 करोड़ का निवेश हुआ है, जिससे 2000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
शामली में दो हजार नौकरियां देंगी ये पांच परियोजनाएं
सहारनपुर मंडल के तीसरे जिले शामली में भी निवेशकों ने रुचि दिखाते हुए ₹1,310 करोड़ का निवेश किया है। ₹50 करोड़ से अधिक का निवेश करने वाली पांच कंपनियों के जरिए शामली में दो हजार नौकरियों के अवसर सृजित होंगे। इनमें पेपर एंड पेपर क्रेप्ट के क्षेत्र में सिक्का पेपर प्रा.लि. की ओर से ₹400 करोड़ का निवेश किया गया है, यहां 300 की संख्या में रोजगार का सृजन होगा।
यह भी पढ़ें:-Delhi Budget 2024: दिल्ली की पचास लाख महिलाओं को मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना से होगा फायदा
Hindi khabar App- देश, राजनीति, टेक, बॉलीवुड, राष्ट्र, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल, ऑटो से जुड़ी ख़बरों को मोबाइल पर पढ़ने के लिए हमारे ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड कीजिए l हिन्दी ख़बर ऐप