‘वो इंसानियत पर कलंक है…’ मणिपुर की घटना पर आतिशी का बयान

Share

नॉर्थ ईस्ट स्टेट मणिपुर में पिछले तीन महीने से हिंसा हो रही है। राज्य अराजकता की आग में जल रहा है। इसी बीच मणिपुर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। आपको बता दें कि 19 जुलाई को एक वीडियो सामने आया, जिसमें देखा जा सकता है कि सैकड़ों लोगों की भीड़ द्वारा दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर सड़कों पर घुमाया जा रहा है। नग्न अवस्था में महिलाओं को दौड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

पीएम मोदी पर साधा निशाना

इसको लेकर सियासत में भी भूचाल आ गया है। विपक्षी दल घटना की निंदा कर रहे हैं और केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साध रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली की शिक्षा मंत्री आतिशी का भी बयान सामने आया है। आतिशी ने आज यानी गुरूवार (20 जुलाई) को प्रेस वार्ता के दौरान घटना की निंदा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। आतिशी ने कहा कि इस दर्दनाक घटना के लिए सिर्फ़ और सिर्फ़ प्रधानमंत्री मोदी जिम्मेदार हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियों की तरफ़ से, महिलाओं की तरफ़ से में मोदी जी को कहना चाहती हूं। आपको देश की महिलाओं को जवाब देना होगा। मणिपुर में 2 महिलाओं को निवस्त्र करके ऐसा सलूक किया गया जैसा कोई जानवरों के साथ भी नहीं करता। 3 मई से मणिपुर में हत्याएं और हिंसा हो रही हैं लेकिन बीजेपी की तरफ़ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। एक महिला ने मीडिया को बताया कि जब उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया तब पुलिस मौजूद थी। मोदी और अमित शाह देश की महिलाओं को क्या जवाब देंगे?

AAP मंत्री का बीजेपी पर हमला

आतिशी ने भाजपा पर अटैक करते हुए कहा कि 3 मई से मणिपुर में हिंसा हो रही है। पीएम मोदी ने 8 देशों की यात्राएं की लेकिन मणिपुर जाने का समय नहीं मिला। उन्होंने कुलदीप सेंगर, अर्जुन सिंह चौहान, बृजभूषण शरण सिंह के नाम का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी को मणिपुर की महिलाओं के ख़िलाफ़ अत्याचार से फर्क़ नहीं पड़ता क्योंकि बीजेपी में ख़ुद बलात्कारी, यौन उत्पीड़न करने वाले नेता भरे पड़े हैं।

‘वो इंसान नहीं, इंसानियत पर कलंक है’

आतिशी ने मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना को लेकर ट्वीट भी किया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि महिला सम्मान की बात तो सिर्फ़ लाल किले के भाषण के लिए सीमित थी। शायद इनमें इंसानियत ही नहीं है। अगर होती तो अब तक मणिपुर हिंसा पर कुछ तो कहते, कुछ तो करते। जो मणिपुर में बेटियों के साथ हुई हैवानियत, और रोज़ हो रही हत्याओं पर एक्शन लेने के बजाय चुप है- वो इंसान नहीं, इंसानियत पर कलंक है।

ये भी पढ़ें: मणिपुर की घटना पर CM केजरीवाल ने पीएम मोदी से की अपील, कहा – ‘राज्य के हालातों पर ध्यान दें..’