Uttarakhand: ऋषिकेश में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए सीएम धामी

ऋषिकेश में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति का शुभारंभ हुआ । सीएम पुष्कर सिंह धामी कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में शामिल हुए। कार्यसमिति में मुख्यमंत्री ने महिला मोर्चा की सदस्यों से केंद्र और राज्य की महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं के घर-घर प्रचार की अपील की।
ऋषिकेश में सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति शुरू हुई। कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानथी श्रीनिवासन और प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल के साथ बड़ी संख्या में महिला मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहीं। सीएम पुष्कर सिंह धामी भी उद्घाटन सत्र में शामिल हुए। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा उत्तराखंड राज्य निर्माण से लेकर राज्य के विकास में महिलाओं का बड़ा योगदान रहा है। इसलिए प्रदेश की महिलाओं की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी महिला मोर्चा के कंधों पर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के महिला उत्थान के लिए किए गए कामों को घर-घर तक पहुंचाने का महिला मोर्चा जिम्मा उठाए। साथ ही समाज में प्रभावशाली पदों पर काम कर रहीं महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान शुरू किया जाए। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने का लक्ष्य लेकर विकल्प रहित संकल्प के साथ काम कर रही है। और ये लक्ष्य महिला शक्ति की भागीदारी के बिना पूरा होना संभव नहीं है। सीएम ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यसमिति ‘सशक्त मातृशक्ति, सशक्त राज्य’ के इस संकल्प को पूरा करने में निश्चित रूप से मददगार होगी।
ये भी पढ़ें: Uttar Pradesh: निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की बैठक